किसानों की समस्याएं होंगी कांग्रेस का मुख्य चुनावी एजेंडा

किसान यात्रा के प्लान पर पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने डाला प्रकाश

ALLAHABAD: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि पार्टी के प्रति जनता का रुझान बढ़ा है। नौजवान और किसान कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। वर्ष 2017 में यूपी में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। चुनाव में किसानों की समस्या कांग्रेस का मुख्य एजेंडा होगा। जिसे लेकर कांग्रेस की तीसरी सबसे बड़ी यात्रा शुरू होने जा रही है। यह बातें उन्होंने शहर में शुक्रवार को निजी आवास पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही।

चौपाल में चारपाई पर होगी चर्चा

प्रमोद तिवारी ने बताया छह सितंबर को देवरिया से किसान यात्रा शुरू होगी। तीन से चार हफ्ते तक चलने वाली इस यात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे और इसका समापन गाजियाबाद में होगा। रैली सभा के रूप में नहीं बल्कि गांवों में चौपाल की तरह होगी। जहां चारपाई पर किसानों से बातचीत व समस्या पर चर्चा की जाएगी। समस्याओं को लेकर राष्ट्रपति को ज्ञापन भी दिया जाएगा। अगर सरकार नहीं मानी तो यही मांगें कांग्रेस का वर्ष 2017 व 2019 का चुनावी एजेंडा होंगी। डीजल व पेट्रोल के बढ़े दाम को लेकर उन्होंने सरकारों पर हमला बोला। आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम पर निशाना साधाना।