बोले राहुल, पीएम को देना होगा किसानों का अधिकार

मोदी, मुलायम और माया सब पर किया राहुल गांधी ने प्रहार

ALLAHABAD: किसानों के अधिकार व उनकी मांगों के साथ देवरिया से दिल्ली तक की किसान यात्रा पर निकले कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। बहुजन समाज पार्टी व बसपा के साथ ही किसी को भी नहीं छोड़ा। कहा कि प्रधानमंत्री ने बड़ी-बड़ी बातें कह कर देश को सपना दिखाया, लेकिन एक भी सपना पूरा नहीं हुआ। कर्ज में डूबा किसान कर्ज से और दबता चला गया। वहीं पूंजीपतियों का कर्ज माफ होता चला गया। लेकिन अब कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है।

किसानों का कर्ज करेंगे माफ

राहुल गांधी ने कहा कि ढाई वर्ष के कार्यकाल में प्रधानमंत्री ने एक लाख दस हजार करोड़ का कर्ज माफ किया। जिसका लाभ किसानों, व्यापारियों व युवाओं को नहीं बल्कि अडानी, अंबानी जैसे पूंजीपतियों को हुआ। किसानों का कर्ज माफ हो इसी मांग को लेकर प्रधानमंत्री पर दबाव डाला जा रहा है। देवरिया से दिल्ली तक की यात्रा शुरू की गई है। अगर प्रधानमंत्री ने कर्ज माफ नहीं किया तो देश में कांग्रेस की सरकार आने पर सबसे पहले किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।

यहां भ्रष्टाचार का बोलबाला

यूपी को बेहाल बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यहां बिजली के तारों का जंजाल बिछा है। लेकिन बिजली के तारों में करेंट ही नहीं है। ये हाल है उस यूपी का जो पूरे देश की धड़कन है। जहां कुछ वर्ष पहले हाथी आया और सब कुछ खा गया। फिर साइकिल आई। साइकिल भी पंक्चर हो गई। आज साइकिल धंसी हुई है। मुलायम सिंह ने धंसी हुई साइकिल को आगे बढ़ाने के लिए अखिलेश को बुलाया कि वे हवा भरेंगे, लेकिन अखिलेश ने पहिया उठाकर फेंक दिया। जो काम चार साल पहले करना चाहिए था। वो काम अब करने से कोई फायदा नहीं होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार कम हो गया है। वहीं अपनी यूपी का हाल ये है कि यहां भ्रष्टाचार के बगैर कोई काम नहीं होत है।