-केन्द्र में भाजपा की सरकार में ठगा सा महसूस कर रहे वोटर

- कांग्रेस की सरकार बनने पर बंद उद्योग होंगे चालू- राहुल

आगरा। काले धन को देश में वापस लाने की बात में नहीं करता और ना ही किसी के खाते में 10 लाख रुपये डालने की बात करूंगा। हमारी सरकार आने पर यूपी में बंद उद्योगों को चालू कराने के साथ किसानों पर कर्ज को माफ भी कराऊं गा। ये बातें कांग्रेस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को रोड शो के दौरान कहीं। अपने पूरे रोड शो के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी पर ही शब्द प्रहार किए, जबकि प्रदेश में सत्तारूढ़ दल सपा व विरोधी दल बसपा पर खामोश रहे। अपने नेता को खुद के बीच देख कांग्रेसी काफी दिनों बाद जोश में दिखे। उनमें एक दूसरे को पीछे छोड़ राहुल के संग सेल्फी लेने की होड़ रही। वहीं, पूरे रोड शो के दौरान राहुल को करंट लगने की चर्चा भी जोरों पर रही। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।

माल्यार्पण करते समय लगा करंट

फव्वारा चौराहे पर पहुंच राहुल को करंट लगने की अफ वाह भीड़ में फैल गई। हुआ यूं कि यहां राहुल गांधी महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रहे थे। तभी किसी ने राहुल गांधी को झूलते तारों से करंट लगने की बात कह दी। राहुल को करंट लगने की खबर कार्यकर्ताओं के साथ शहर में जंगल में आग की तरह फैल गई। हालांकि इसकी कोई पुष्टि नहीं कर सका। टोरंट पीआरओ भूपेन्द्र सिंह ने भी इस तरह की घटना से इंकार किया।

मोदी ने किया जनता को गुमराह

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को ही निशाने पर रखा। कहा कि मोदी ने जनता को गुमराह करने का कार्य किया है। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में मनरेगा का जिक्र करते हुए किसान और मजदूरों से सहानुभूति व्यक्त की। राहुल ने कहा कि जनता परेशान हैं, वहीं मोदी विदेशों की शहर करने में व्यस्त हैं। सेंट जोंस चौराहे पर राहुल ने जनता से संवाद करते हुए कहा कि 'ऐ भाई तुम्हारे खाते में 10 लाख रुपये आए क्या, मैं उनकी तरह झूठे वादे नहीं करूंगा'। उन्होंने कहा कि यूपी में कांग्रेस क सरकार आई तो इस तरह के सभी सपने साकार हो सकते हैं।

रोजगार, बढ़ेगा शिक्षा का वजट

राहुल ने एक युवक से रोजगार मिलने की बात पूछी, जवाब इंकार में मिलने पर उन्होंने कहा कि वे(मोदी) युवाओं को रोजगार देने की बात करते हैं। लेकिन यहां खड़े किसी युवक को रोजगार नहीं मिला। कांग्रेस के सरकार आने पर इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाएगा। साथ उन्होंने कहा कि किसानों के 10 साल पुराने कर्ज भी माफ किए जाएंगे। कांग्रेस सत्ता में आई तो शिक्षा का बजट भी बढ़ाया जाएगा। जिससे देश के नागरिकों का शैक्षिक स्तर को डेवलेप किया जा सके।

उद्योगपतियों को दिए 10 हजार करोड़

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल बोले कि कांग्रेस ने सरकार में रहते 70 हजार करोड़ रुपये किसानों का कर्ज छोड़ा है। लेकिन मोदी ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस ऐसा नहीं करेगी। केन्द्र ने मजदूरों का पैसा पूंजीपतियों को पकड़ा दिया। कांग्रेस द्वारा यात्रा शुरू करने का यही एक मात्र उद्देश्य है। 10 हजार करोड़ रुपया जब 15 पूंजीपतियों को दे सकते हैं, तो इससे ज्यादा पैसा किसान-मजदूर को देना चाहिए। इससे देशा के विकास के साथ जनता भी खुशहाल रहेगी।

गलत बात पर करो संघर्ष

राहुल गांधी ने आगरा कॉलेज मैदान में एनएसयूआई के स्वागत पर राष्ट्रीय महासचिव अमित सिंह को अपने रथ पर बैठा लिया। उन्होंने आगरा एनएसयूआई के छात्र नेताओं को गलत बात पर विरोध करने के लिए उत्साहवर्धन किया। इस दौरान अन्य कार्यकर्ता भी राहुल की ओर टकटकी लगाकर देख रहे थे कि शायद वह उन्हें भी अपने रथ में बैठाने के लिए इशारे करें, लेकिन उन्हें मायूस होना पड़ा। रोड शो में डॉ। मीना सिंह राघव, जिलाध्यक्ष दुश्यंत शर्मा, शहराध्यक्ष आजी अबरार, राम टंडन, गप्पी भाई आदि वरिष्ठ कांग्रेसी मौजूद रहे।

राहुल ने ली मोदी पर चुटकी

राहुल गांधी ने पेट्रोल के बढ़ते दामों पर कहा कि इंटरनेशनल बाजार में पेट्रोल के दाम कम हैं। लेकिन भारत में नहीं हैं, उन्होंने मोदी पर चुटकी लेते हुए लोगों से पूछा कि किसी को पता है कि मोदी भारत में है या फि र विदेश में, इस पर लोगों ने भी उनका साथ देते हुए मोदी पर तंज कस दिए। उनकी विदेश की सैर को लेकर लोगों में भी चर्चा दिखी।

सुबह से ही जुटने शुरू हो गए कांग्रेसी

सिकंदरा चौराहे पर सुबह से ही कांग्रेसियों का जुटना शुरू हो गया था। दोपहर होते-होते कार्यकर्ताओं की संख्या में हजारों में पहुंच चुकी थी। दोपहर करीब एक बजे सिकंदरा चौराहे से कांग्रेस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का रोड शुरू हुआ। खुली जीप में कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ निकले राहुल गांधी रास्ते में सभी का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार करते हुए चल रहे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ रास्ते में खड़े लोगों में भी राहुल से हाथ मिलाने की होड़ लगी रही।