- तीन दिन पहले ही सपा ने ईशु और आदिल किया फाइनल

- कांग्रेस ने कैंट से रमेश धींगड़ा तथा दक्षिण से मोहम्मद आजाद सैफी को बनाया है प्रत्याशी

Meerut: कभी हां और कभी ना के बीच सपा-कांग्रेस के बीच रविवार को गठबंधन के सवाल पर आखिरकार मोहर लग ही गई। दोनों ने दलों ने गठबंधन पर मुहर लगाते हुए साथ लड़ने का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने जारी लिस्ट में मेरठ कैंट और दक्षिण सीट में प्रत्याशियों के नामों को शामिल किया है जबकि सपा इन सीटों पर प्रत्याशियों को सिंबल तक दे चुकी है। हालांकि सपा का दावा है कि कांग्रेस प्रत्याशियों को ही समर्थन दिया जाएगा और घोषित प्रत्याशी बैठ जाएंगे।

आदिल-ईशु को सिंबल

सपा-कांग्रेस के गठबंधन की चर्चाओं के साथ ही मेरठ कैंट और मेरठ दक्षिण सीट पर कांग्रेस अपना दावा करती रही हैं। इसी क्रम में मेरठ की अन्य सीटों पर सपा ने प्रत्याशियों को बुलाकर सिंबल दे दिया तो वहीं कैंट और दक्षिण सीट को होल्ड रखा। गठबंधन पर चिकचिक के बाद आनन-फानन ने सीएम अखिलेश यादव ने अपनी लिस्ट में शामिल कैंट प्रत्याशी परविंदर सिंह ईशु को आश्वासन और शहर प्रत्याशी आदिल चौधरी को पार्टी का सिंबल देकर लखनऊ से रवाना किया। ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशियों की लिस्ट आने से सपा के दावेदारों को बैकफुट पर जाना होगा।

---

सपा और कांग्रेस के गठजोड़ हो गया है। कांग्रेस को गठबंधन में कैंट और दक्षिण विधानसभा सीट दी गई है। कैंट से रमेश धींगड़ा तथा दक्षिण से आजाद सैफी को प्रत्याशी बनाया है। माहौल कांग्रेस के पक्ष में सपा और कांग्रेस मिलकर मेरठ की सभी सीटों पर जीतेंगे।

-विनय प्रधान, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस

---

आदिल को मेरठ दक्षिण सीट से पार्टी ने सिंबल दे दिया था, परविंदर सिंह को सिंबल नहीं मिला था किंतु उन्हें सीएम ने टिकट का आश्वासन दिया था। कांग्रेस से गठबंधन के बाद दोनों सीटों पर सपा प्रत्याशी अपनी दावेदारी वापस ले लेंगे।

-जयवीर सिंह, जिलाध्यक्ष, सपा

----

इनसेट

5 सीटों पर रालोद ने खोले पत्ते

रविवार को रालोद ने आधिकारिक तौर पर मेरठ जनपद की सात में से 5 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है। सपा से गठबंधन की कवायद फेल होने के बाद पार्टी ने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है। मेरठ की हस्तिनापुर सुरक्षित सीट से कुसुम, सरधना से वकील चौधरी, कैंट सीट से संजीव धामा, किठौर से मतलूब अहमद और दक्षिण से पप्पू गूर्जर को टिकट दिया है। जिला अध्यक्ष यशवीर सिंह ने बताया कि जल्द ही शहर और सिवालखास सीट पर भी पार्टी प्रत्याशी की घोषणा करेगी।