- बोले राज बब्बर, देश की सभ्यता को तोड़-मरोड़ रही भाजपा

LUCKNOW: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों ने उपवास पर बैठकर अपना विरोध जताया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि भाजपा महापुरुषों के नाम और कपड़ा बदलने का काम कर रही है। वह तो अब कृष्ण का भी नाम तय करेगी। भाजपा का संगठन पूरे देश की सभ्यता को तोड़मरोड़ रहा है। यह केवल तानाशाहों की सभ्यता है। इस देश में कोई तानाशाही नहीं चलेगी। किसान, नौजवान, कर्मचारी सभी परेशान हैं। राज बब्बर ने कहा कि हम किसी भी ऐसी विघटनकारी, बंटवारा करने वाली ताकतों को बढ़ावा नहीं दे सकते जो देश के लिए हानिकारक है। देश के अंदर असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई है। हमारे संविधान में सभी को समानता का अधिकार है। वहीं दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता वीरेंद्र मदान ने बताया कि प्रदेश भर में आज एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया।

लल्लू से मिलने जाएंगे जेल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर मंगलवार को देवरिया जिला जेल जाकर कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू से मुलाकात करेंगे। पार्टी प्रवक्ता वीरेंद्र मदान ने बताया कि अजय कुमार लल्लू विगत लगभग दो माह से अपनी विधानसभा में पड़ने वाले बांध की सुरक्षा को लेकर धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे जिन्हें पुलिस ने अलोकतांत्रिक तरीके से गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस में आए अशफाक

बलरामपुर के पूर्व विधायक अशफाक अहमद ने अपने समर्थकों के साथ सपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी, पूर्व विधायक एवं संगठन प्रभारी सतीश अजमानी मौजूद थे।