ब्रह्मापुरी थानाक्षेत्र में मंगलवार रात्रि की घटना, ट्रिपिलंग के विरोध पर हिंसक हुए आरोपी

Meerut। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात ट्रिपलिंग पर बाइक रोकने से गुस्साए दबंगों ने पुलिस कांस्टेबल पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने कांस्टेबल को जमकर पीटा। जानकारी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने 5 आरोपियों को दबोच लिया। बुधवार सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

ट्रिपलिंग पर रोका था

घटना मंगलवार देर रात करीब 11 बजे की है। जानकारी के मुताबिक नूर नगर पुलिया पर पुलिस की सरकारी जीप रूटीन गश्त कर रही थी। इसी बीच सामने से कुछ युवक बाइकों पर ट्रिपलिंग करते हुए हुड़दंग मचाते आ रहे थे। पुलिस ने युवकों को रोका तो वे मारपीट पर उतर आए। आरोप है कि इसी दौरान दबंग युवकों ने कांस्टेबल अजय पर हमला बोल दिया और उसकी पिटाई कर दी। जानकारी पर पुलिस ने 5 आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया। आरोपियों की एक बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। पकड़े गए आरोपियों में बिलाल, जावेद, मोहम्मद अली हमजा, शाहबेज, अलमुकीद शामिल हैं। पुलिस ने बुधवार को सभी आरोपियों को जेल भेज दिया।

विभिन्न धाराओं में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिसकर्मी के साथ मारपीट के 5 आरोपियों को जेल भेजा गया है। ऑन ड्यूटी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट एक गंभीर अपराध है।

ब्रिजेश कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर ब्रह्मापुरी