हजारीबाग के बरही का रहने वाला था रामसहाय यादव

पाटलिपुत्रा थाने के एलसीटी घाट दियर में मारी गोली

हजारीबाग के बरही के रहने वाला ठेकेदार रामसहाय यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। हत्या संडे की देर रात की गयी है। लेकिन अगले दिन करीब दस बजे तक किसी को खबर नहीं थी। ड्राइवर जब उसे जगाने गया तो उसके होश उड़ गये। रामसहाय की मौत हो चुकी थी। उसके बाद पुलिस को खबर दी गयी। मौके पर सिटी एसपी सेन्ट्रल शिवदीप लांडे ने पहुंचकर मामले की तफ्तीश की। रामसहाय के सिर में एक गोली मारी गयी है।

दो दिनों पहले ही आया

रामसहाय हजारीबाग से दो दिन पहले ही पटना आया था। आसपास के लोगों ने बताया कि शनिवार को दोपहर बाद वह यहां आया। उसकी जेसीबी मशीन यहां बालू की कटाई का काम कर रही थी। ड्राइवर अमरजीत और खलासी नसीमुल्लाह ही रहकर काम करा रहे थे। रामसहाय पहली बार पटना आया था। उसका पार्टनर बह्मदेव यादव सुपौल का निवासी है। पुलिस ने उसे भी बुलाया है। रामसहाय को किसने मारा इसकी कोई जानकारी नहीं मिल पायी है।

हजारीबाग जाएगी पुलिस टीम

रामसहाय ने रात में खाना किसके साथ खाया या फिर उसके साथ कौन था इसकी जानकारी पुलिस ले रही है। सिटी एसपी सेन्ट्रल शिवदीप लांडे ने बताया कि गोली मारने के कारण का पता लगाया जा रहा है। हो सकता है कि इसका संबंध हजारीबाग से हो। पुलिस की टीम वहां भी जाएगी। गोली मारने वाले ने कंबल के ऊपर से ही गोली मारी है क्योंकि कंबल में छेद हो गया है। वैसे दो लोगों से पूछताछ की जा रही है।