गुस्साए मजदूरों ने शव गेट पर रखकर लगाया जाम

मृतक के परिवार की मदद के आश्वासन पर समाप्त हुआ आन्दोलन

आंवला: इफ्को कारखाना परिसर में मरम्मत कार्य करने के लिए छत पर चढ़े संविदा श्रमिक की गिरने से मौत हो गई। मृतक नरेशपाल थाना बिशारतगंज के ग्राम गाड़ीघाट नवी नगर का रहने वाला था। श्रमिक साथी की मौत से गुस्साए मजदूरों ने इफ्को फैक्ट्री गेट पर शव रखकर पांच घंटे तक जाम लगा दिया। उन्होंने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

पैर रखते ही नीचे गिरा

नरेश पाल थर्सडे दोपहर को करीब दो बजे स्टोर के समीप भवन पर छत को ठीक कर रहा था। छत पर रखी सीमेंट शेड पर पैर रखते ही वह नीचे फर्श पर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। साथी श्रमिक शव सड़क पर रखकर फैक्ट्री का पूरा रास्ता जाम कर दिया। सूचना पर एसडीएम मनीष कुमार नाहर, सीओ कुशपाल सिंह मौके पर पहुंच गए तथा स्थिति नियंत्रण से बाहर देखकर पूरे सर्किल का फोर्स बुला लिया गया।

काफी देर तक चला बातचीत

बाद में मृतक के भाई कुन्दन लाल को इफ्को प्रबन्धन ने वार्ता के लिए अंदर बुलाया। इस दौरान इफको आंवला इम्पलाइज यूनियन अध्यक्ष सुदामा यादव व महासचिव जितेन्द्र आदि व ग्राम नीवनगर के प्रधान आयूव खान, भी पहुंच गए। बाद में तय हुआ कि इफ्को अपनी ओर से मृतक के परिवार को साढ़े तीन लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके बाद शव हटाकर जाम खोला गया।