- 27 मार्च से आरयू में शुरू हुआ था उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन

-एक मूल्यांकन के केन्द्र पर एक को-आर्डिनेटर के साथ चार सहायक को भी लगाया

BAREILLY :

'फेल होने से नहीं, गर्ल फ्रेंड छूटने का सता रहा डर' बीए थर्ड ईयर के एक स्टूडेंट ने कॉपी में लिखकर पास करने की गुहार की है। स्टूडेंट ने लिखा कि उसने तैयारी तो बहुत की थी, लेकिन भूल जाने के कारण कई प्रश्न छूट गए हैं। उसने बताया कि वह और उसकी गर्ल फ्रेंड दोनों ही साथ पढ़ाई करते हैं। यदि वह फेल हो गया तो, उसे फेल होने का इतना गम नहीं होगा जितना गर्ल फ्रेंड छूटने का होगा। इसीलिए सर प्लीज पास कर देना। वहीं बीए फ‌र्स्ट ईयर के एक स्टूडेंट ने कॉपी में लिखा कि सर मेरी बहन की तबीयत खराब हो गई, जिससे वह पढ़ाई नहीं कर पाया। मुझे पास कर देना।

दो पेज में लिखी अपनी दास्तां

आरयू के मूल्यांकन केन्द्र पर बीए थर्ड ईयर के स्टूडेंट ने उत्तर पुस्तिका के दो पेज में अपनी दास्तां बयां की है। जिसमें स्टूडेंट ने लिखा कि वह और उसकी गर्ल फ्रेंड एक ही महाविद्यालय में पढ़ाई करते हैं। दोनों ने इस बार एक साथ पेपर दिए। बीए के बाद दोनों एलएलबी की पढ़ाई करना चाहते हैं। इस बार उसने तैयारी तो काफी की लेकिन कॉपी में ठीक से लिख नहीं पाया। जिसके कारण उसकी कॉपी में अधिकतर पेज खाली छूट गए हैं। उसने लिखा कि उसकी गर्लफ्रेंड तो पास हो जाएगी। गर्लफ्रेंड पास हो गई और वह फेल हो गया तो वह सहन नहीं कर पाएगा। क्योंकि उसका दो वर्ष पुराना कॉलेज का साथ छूट जाएगा। जिसके बाद स्टूडेंट ने लिखा कि सर आपने भी तो कॉलेज समय में दोस्ती की होगी सर इसीलिए प्लीज पास कर देना।

बहन थी बीमार, पढ़ नहीं पाया

बीए फ‌र्स्ट ईयर के स्टूडेंट ने उत्तर पुस्तिका में दो पेज लिखने के बाद में लिखा कि उसकी बहन की पेपर से एक दिन पहले तबीयत खराब हो गई। जिसके कारण वह पढ़ाई नहीं कर पाया और उसकी परीक्षा की तैयारी अधूरी रह गई। इसीलिए सर उसकी प्रॉब्लम को समझकर पास कर देना।