- निकाय चुनाव को लेकर जिले में मतदाता पुनरीक्षण का कार्य पूरा

- 2012 से अब तक बढ़े हैं पांच हजार मतदाता

GORAKHPUR: निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन के अफसर तैयारियों में लगे हैं। इसे लेकर मतदाता पुनरीक्षण का काम भी पूरा हो चुका है। जिसके मुताबिक गोरखपुर नगर निगम में 2012 के चुनाव के बाद से अबतक लगभग पांच हजार मतदाता बढ़े हैं। चुनाव की तैयारियों को लेकर शनिवार दोपहर प्रदेश स्थानीय निकाय के अधिकारियों की डीएम के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग होगी।

ताकि ना हो गड़बड़

निकाय चुनाव से संबंधित मतदाता पुनरीक्षण में पहले ये दिक्कत आती रही है कि यहां की जनसंख्या से अधिक मतदाताओं की संख्या हो जाती थी। पिछले चुनाव में भी जनसंख्या से अधिक मतदाता होने की गड़बड़ी सामने आई थी। बाद में जनसंख्या के आंकड़े दुरुस्त हुए तो मतदाता सूची के आंकड़े भी बदल गए। इस बार के मतदाता सूची पुनरीक्षण में काफी संख्या में ऐसे नाम पकड़े गए जो नगर निगम के साथ किसी न किसी ग्राम पंचायत के भी मतदाता थे। ऐसे नामों को खारिज किया गया तो नगर निगम के मतदाताओं की संख्या में भारी गिरावट हुई।

छंटनी में काटे नाम

पिछले निकाय चुनाव के समय नगर निगम में मतदाताओं की कुल संख्या 8,03,993 थी और इस बार ये संख्या 8,08,931 हो गई है। पिछले दिनों हुए पुनरीक्षण में लगभग बीस हजार मतदाताओं के नाम इस आधार पर खारिज हो गए कि उनका नाम निकाय के साथ ही किसी ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में भी दर्ज था। वहीं नगर पंचायतों में भी मतदाताओं की संख्या में कोई विशेष वृद्धि नहीं हुई है। नगर पंचायतों में पिछले चुनाव के समय लगभग 95,701 मतदाता थे जो इस बार 97,590 हो गए हैं।

बढ़ेगा नगर निगम का दायरा

बता दें, नगर निगम के विस्तार की योजना को नगर निगम बोर्ड ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके तहत नगर निगम सीमा के अंदर पास के 31 गांव शामिल होने जा रहे हैं। इससे शहर की जनसंख्या भी बढे़गी जिससे मतदाताओं की संख्या में भी इजाफा होगा।

इतने मतदाता

नगर निगम गोरखपुर

कुल मतदाता पुरुष महिला

8,08,931 4,47,509 3,61,422