120 डस्टबिन ही फिलहाल रखवाए गए हैं शहर में

10 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है शहर में रोजाना

Meerut। शहर में होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर सार्वजनिक जगहों पर रखे डस्टबिन के प्रयोग पर भी सवाल पूछे जाएंगे। सर्वेक्षण के छह सवालों में यह भी एक सवाल है। लेकिन हकीकत में यह सवाल जनता से पूछना एक तरीके से बेमानी है। दरअसल, निगम ने शहर के कई इलाकों में डस्टबिन तो रखवा दिए हैं। लेकिन शहर से निकलने वाले के हिसाब से वह न के बराबर हैं। यही कारण है कि शहर में गंदगी का अंबार लगा रहता है। हर जगह गंदगी के ढेर देखने को मिल जाते हैं।

रखे जा रहे डस्टबिन

नगर निगम ने बुधवार से शहर में 120 डस्टबिन फिलहाल रखवाए हैं। जिसमें एक डस्टबिन सूखा कूड़ा डालने के लिए और एक डस्टबिन गीला कूड़ा डालने के लिए रखा गया है। इन डस्टबिन का फायदा तब है जब इनसे रोजाना कूड़ा उठ जाए।

मोहल्लों में रखे जाए

शहर में सबसे ज्यादा गंदगी गली मोहल्लों में रहती है। यदि नगर निगम वहां पर डस्टबिन रखे तो कुछ बात बने। गली-मोहल्लों की गंदगी कम दिखाई देगी।

10 मीट्रिक टन कूड़ा रोजाना

शहर में रोजाना 10 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। डस्टबिन न रखे होने के कारण यह कूड़ा सड़कों पर पड़ा रहता है। यदि इस कूड़ा को सड़कों पर गिरने से रोकना है तो निगम को हर घर में डस्टबिन और घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था बनानी होगी। साथ ही कूड़ा निस्तारण प्लांट भी शुरू कराना होगा।

शहर में डस्टबिन बहुत कम रखे हुए हैं। यही कारण है कि यहां पर गंदगी का अंबार रहता है। जो रखे हुए उनसे कूड़ा नहीं उठता है। नगर निगम को पहले कूड़ा उठाने की व्यवस्था को ठीक करना चाहिए।

राकेश गौड़

हमारे यहां मुख्य मार्ग पर महज एक ही डस्टबिन रखा है। वहां से महीनों में कूड़ा उठता है। डस्टबिन का कूड़ा सड़कों पर आ जाता है। कम से कम एक किमी की सड़क पर एक डस्टबिन तो बहुत कम है।

शैलेंद्र चौहान

नगर निगम के अधिकारी कूड़े का निस्तारण करना ही नहीं चाहते हैं। इतने साल से कूड़ा निस्तारण की बात चल रही है। लेकिन अभी तक प्लांट शुरू ही नहीं हुआ है। यदि शुरू हो जाएगा तो इनको रोज कूड़ा उठाना पड़ेगा। इसीलिए डस्टबिन नहीं रखवाते हैं।

बॉबी

हमारी कॉलोनी में एक भी डस्टबिन नहीं है। कॉलोनी के बाहर निकलते ही गंदगी का अंबार रहता है। यदि निगम डस्टबिन रख दे तो कम से कम कूड़ा बाहर तो नहीं आएगा।

सचिन देव

शहर में सार्वजनिक जगहों पर डस्टबिन रखे जा रहे हैं। जल्द ही सभी जगह डस्टबिन रखवा दिए जाएंगे। उनको उठाने के लिए नए वाहन भी खरीदे जा रहे हैं। व्यवस्था को सुधारने में थोड़ा समय लगेगा। पहले से सफाई में बहुत परिवर्तन आया है।

डॉ। कुंवर सेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम