केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने महिलाओं से की भारत के मन की बात

आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए दोबारा मोदी को चुनें पीएम

आगरा। महिलाओं के हाथों में ही राष्ट्र का विकास है। प्रधानमंत्री मोदी खुद महिलाओं को राष्ट्र के विकास में सहभागी बना रहे हैं। अगर आतंकवाद को समुचित जवाब देना चाहते हैं तो दोबारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ही चुनें। आगरा कॉलेज परिसर में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचीं केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने यह बातें महिलाओं से भारत के मन की बात में कहीं और उनके सवालों के जवाब दिए। साथ ही उन्होंने पार्टी की उपलब्धियों को भी गिनाया।

लग गई सवालों की झड़ी

भारत के मन की बात महिलाओं के साथ कार्यक्रम में आई केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के सामने सवालों की झड़ी लग गई। महिला संगीता वर्मा ने रोजगार संबंधी प्रश्न पूछा तो मंत्री ने जवाब में कहा कि सरकार द्वारा आर्थिक व्यवस्था मुद्रा योजना के माध्यम से 15 करोड़ लोगों को इसका लाभ मिला है। स्टार्ट अप स्टैंडप से भी महिलाओं को लाभ मिला है। इसके साथ ही डिजिटल टेक्नोलॉजी में भी भारत ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। रीता ने गांव की महिलाओं के उत्थान की बात कही तो प्रज्ञा शर्मा ने एंटी रोमियो स्क्वॉयड का सवाल किया और चार हजार मनचले पकड़ने पर आभार व्यक्त किए।

नए भारत के निर्माण को भाजपा को दें वोट

शिक्षिका हेमा सिंह ने अभी मंत्रीमंडल में महिलाओं की संख्या सीमित है, ये कैसे बढ़ेगी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम मंच पर हैं और में सामने देख रही हूं कि स्थान लेने को अगली पीढ़ी तैयार खड़ी है। पीएम मोदी भी यही चाहते हैं। वे महिलाओं के हाथों राष्ट्र के विकास की सोच रखते हैं। अंजलि ने कहा कि मुझे पहली बार वोट डालना है, लेकिन मैं किस पार्टी को दूं असमंजस है। मैं भाजपा को वोट क्यों दूं। जवाब में स्मृति ईरानी ने कहा कि नए भारत के निर्माण, आतंकियों को मुंह तोड़ जवाब, बेटियों को बचाने-पढ़ाने, किसान को विज्ञान से जोड़ने के लिए नरेंद्र मोदी को पीएम चुनें।

पूर्व सरकार ने किया भ्रष्टाचार

कपड़ा मंत्री ने पूर्व सरकार पर कानून तोड़ने व भ्रष्टाचार जैसे आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में हर खास और आम का विशेष ध्यान दिया गया है। इस दौरान एक दर्जन समाजसेवी संस्थाओं व सैकडों स्कूलों के बच्चों ने उनको सुना।