- कोर्ट कॉलोनी के सरकारी आवास में घुसे दो शावक

- दोनों शावकों को पकड़ने में वनकर्मियों के छुटे पसीने

- एक अपने आप तो दूसरे शावक को पकड़ जंगल में छोड़ा

HARIDWAR (JNN) : रोशनाबाद में सिविल कोर्ट कॉलोनी में गुलदार के दो शावक घुसने से कर्मचारियों व उनके परिवारजनों में हड़कंप मच गया। वन विभाग के कर्मचारियों की ओर से पांच घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद एक शावक खुद ही जंगल की ओर भागा वहीं दूसरे शावक को वन विभाग की टीम ने पकड़ कर जंगल में छोड़ा। इस दौरान शावकों को देखने के लिए वहां भारी भीड़ लगी रही।

सरकारी आवास में घुसे शावक

जिला मुख्यालय रोशनाबाद के पास सिविल कोर्ट कॉलोनी में वीके सक्सेना व मनोज चौहान के क्वाटर के बीच छत में जाने वाली सीढि़यों (जीना) में गुलदार के दो शावक जंगल से आकर बैठे थे। इसका पता तब लगा जब मनोज चौहान का बेटा मुदित चौहान सुबह दस बजे के करीब छत में जा रहा था। सीढि़यों से जाते समय उसकी नजर सीधे गुलदार के शावकों पर पड़ी तो वह दौड़ कर वापस आया और घर के सभी लोगों को बताया। गुलदार के सरकारी आवास में घुसने की सूचना पर कलेक्ट्रेट व जजेज कॉलोनी के कर्मचारी व उनके परिवार के लोग इकट्ठा हुए। सूचना पर पहुंचे पहुंचे वन कर्मचारियों ने गुलदार के शावकों को पकड़ने का प्रयास किया।

जंगल में भागा एक शावक

कई बार शावकों ने वहां से भागने की कोशिश की। लेकिन, चारों ओर से भारी भीड़ होने के कारण शावक फिर से छत को जाने वाली सीढि़यों में जा बैठे। गुलदार के शावकों के घुसने की सूचना पर जिला जज कुमकुम रानी, सीडीओ रंजना, एसडीएम वीर सिंह बुद्धियाल भी मौके पर पहुंचे। वहीं शावकों को भगाने के लिए वन विभाग की टीम दूसरे रास्ते छत में पहुंचे। वन कर्मियों ने छत में लगे दरवाजे को काटा और कई हवाई फायरिंग की। वन विभाग के कर्मचारियों मशाल जलाकर धुआं लगाने का भी प्रयास किया। तब दोनों शावक वहां से भाग निकले। एक शावक लोगों की भीड़ के बीच से होते हुए जंगल की ओर गया।

दूसरे को वन कर्मियों ने जंगल में छोड़ा

दूसरा शावक कॉलोनी के बाहर नाली के स्लैब के नीचे छिप गया। भारी भीड़ होने के कारण शावक वहां से बाहर नहीं निकला। वन विभाग के कर्मचारियों ने किसी तरह से भीड़ को हटाया। लेकिन, शावक नाली से तो निकला पर फिर से छत को जा रही सीढि़यों की ओर भागा। इस दौरान छत में कई बच्चे और महिलाएं भी खड़ी थी। किसी तरह महिला दूसरे रास्ते से नीचे आई। तब वन विभाग ने शावक को पकड़ने के लिए सीढि़यों के पास पिंजरा लगाया। तब जाकर शावक पिंजरे में आया। वन विभाग की टीम ने शावक को राजाजी नेशनल पार्क के जंगल में छोड़ा। इस मौके पर डब्ल्यूएफएफ के सदस्य वीएस तोमर, रुड़की के रेंज अधिकारी महेश सेमवाल, ओपी सिंह, मेघ पाल आदि मौजूद थे।

पैकेजफोटो- म् से क्ब््र