- गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला पिपरी, पहुंची भारी फोर्स

- घायलों को भेजा अस्पताल, 15 को किया अरेस्ट

KAUSHAMBI(3 Dec,JNN): पिपरी थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में गुरुवार को चुनावी रंजिश में चचेरे भाइयों ने बंदूक उठा ली। दोनों पक्षों से जमकर की गई फायरिंग फायरिंग में एक महिला सहित छह लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधिकारी भारी फोर्स के साथ गांव पहुंच गए। घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही पुलिस ने 15 लोगों को अरेस्ट कर लिया। गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है।

पहले से ही थी तनातनी

शेरपुर निवासी मान सिंह व राम सिंह सगे भाई हैं। चचेरे भाई अदान सिंह से जमीन संबंधी विवाद के चलते करीब तीन साल से अनबन चल रही है। मान सिंह पूर्व प्रधान है। वह इस बार भी प्रधान पद प्रत्याशी था। अनबन के चलते अदान सिंह ने प्रधान पद के लिए दूसरे प्रत्याशी का समर्थन किया। यह बात राम सिंह व मान सिंह को नागवार गुजरी। दूसरे चरण में मंगलवार को मतदान के बाद दोनों परिवारों में कहासुनी हुई लेकिन बात नहीं बढ़ी।

चुनाव को लेकर भिड़े

गुरुवार सुबह दोनों पक्षों में चुनावी रंजिश में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष से लोग तमंचा और लाठी डंडा लेकर निकल आए। कुछ ही देर में गोलियां चलने लगीं। इस दौरान बीच बचाव में आए अदान सिंह, राम सिंह, बड़े लाल, भोला, मुन्नी लाल व भोला की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर पुलिस अधिकारी लोकल पुलिस व भारी फोर्स के साथ पहुंच गए। इसके बाद मामला शांत हुआ। गांव में तनाव के मद्देनजर पीएसी की एक बटालियन सहित दो दारोगा व पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। गोली का शिकार हुए बड़े लाल की हालत गंभीर देखते हुए एसआरएन के डाक्टरों ने उसका इलाज करने से इन्कार कर दिया। इस पर पुलिस ने प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। इस घटना में पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। एएसपी का कहना है कि जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।