-अहिल्याबाई घाट पर स्नान करने के दौरान डूबे, दोनों थे एकलौते

-बहन के यहां जाने के लिए निकले थे घर से, पहुंच गए गंगा घाट

VARANASI : अहिल्याबाई घाट (दशाश्वमेध) पर स्नान करने के दौरान दो मौसेरे भाई डूब गए। जब तक उन्हें बचाने की कोशिश की जाती उनकी मौत हो गयी। जल पुलिस ने गोताखोरों की मदद से डेड बॉडीज को बाहर निकाला। घटना शनिवार की शाम को हुई। डूबने वाले दोनों ही परिवार के इकलौते लड़के थे।

नहीं आती थी स्विमिंग

कांशीराम आवास निवासी गोपाल केसरी उर्फ गोलू (ख्ख् वर्ष) और शिवपुर निवासी किशन केसरी (ख्क् वर्ष) मौसेरे भाई थे। गोपाल की बहन आरती की शादी गणेश महाल में हुई है। दोपहर बाद दोनों घर से बहन आरती के घर जाने के लिए कहकर निकले। शाम करीब पांच बजे दोनों बहन के घर जाने के बजाय अहिल्याबाई घाट पर पहुंच गए। शाम होने के कारण घाट पर भीड़ थी। स्नान करने के लिए घाट पर कपड़े उतार कर दोनों गंगा में चले गए। दोनों को तैरना नहीं आता था। इसी बीच लोगों ने दोनों को गहरे पानी में डूबते-उतराते देख शोर मचाया।

बचाने की कोशिश हुई नाकाम

घाट पर मौजूद लोग जब तक बचाने की कोशिश करते दोनों गंगा में समा गए। लोगों ने इसकी सूचना जल पुलिस को दी। जल पुलिस के जवानों ने गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई। उनके कपड़े में ही मोबाइल फोन व वोटर आईडी मिला। इससे इनकी पहचान हुई। गोपाल के मोबाइल फोन से ही उसकी बहन आरती को घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही बहन घाट पर पहुंची। उसका रो-रोकर बुरा हाल था। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। पुलिस उन्हें लेकर कबीरचौरा स्थित मंडलीय हॉस्पिटल पहुंची लेकिन वहां डॉक्टर्स ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।