- रजनहिया के जमीन मालिक की हत्या की फिराक में खड़े बदमाशों को पुलिस ने घेरा

- फायरिंग कर भाग निकले दो बदमाश, दो दबोचे गए

VARANASI

कैंट पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार की सुबह दो ईनामी बदमाशों को दबोच लिया। घेरे जाने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की और मौके का फायदा उठाकर उनके दो साथी भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों में 15 हजार के ईनामी पक्की बाजार निवासी सादिक और नई बस्ती निवासी जावेद खां हैं। जबकि चर्चित वकील अभिषेक सिंह प्रिंस और इमरान मौके से फरार हो गए।

पोखरे में दफन की थी लाश

पकड़े गए सादिक के खिलाफ बनारस और चंदौली में कुल 11 मामले दर्ज हैं। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2012 में उसने पक्की बाजार निवासी इस्लाम नामक युवक की हत्या कर लाश अलीनगर में एक पोखरे में दफन कर दी थी। लाश महीनों बाद बरामद हुई थी। गिरोह ने वर्ष 2014 में रामनगर में छात्रनेता विवेक सिंह कट्टा को भी गोली मारी थी। नौ अगस्त 2017 को वकील अभिषेक सिंह प्रिंस के घर आसिफ अंसारी उर्फ पिंकू की हत्या भी सादिक और उसके साथियों ने ही की थी। उसने बताया कि अभिषेक सिंह प्रिंस ने रजनहिया के भोली यादव से जमीन का सट्टा कराया था। इसे लेकर विवाद चल रहा था और गिरोह उसकी हत्या की तैयारी में था। दोनों बदमाश इसी उद्देश्य से निकले और पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

करते हैं असलहे की तस्करी

पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसएसपी आरके भारद्वाज ने बताया कि गिरोह का मुख्य काम मुंगेर से असलहों की तस्करी करना है। इनके कब्जे से 9 एमएम की पिस्टल, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। फरार आरोपियों पर इनाम बढ़ाने की भी तैयारी है।