-महमूरगंज पुलिस चौकी के पास आधा दर्जन बाइक सवार बदमाशों ने किया दुस्साहस

-घटना से दहशत में आये लोगों ने किया चक्काजाम, पुलिस ने फायरिंग की घटना से किया इनकार

VARANASI

शहर में बेखौफ बदमाशों ने सोमवार की शाम पुरानी रंजिश में महमूरगंज पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर हुक्का पार्लर संचालक पर ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दिया। गोली हुक्का पार्लर संचालक की अंगुली को भेदते हुए पार हो गई। चार बाइक्स से आए आधा दर्जन बदमाशों की भागते समय एक बाइक छूट गई। जिसे आक्रोशित जनता ने चूर-चूर करते हुए महमूरगंज रोड पर चक्काजाम कर दिया। हालात बेकाबू होने की खबर पाकर भेलूपुर सहित दस थानों की फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गई और रोड जाम किये लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।

गोली अंगुली को भेदते हुई पार

मौढ़ेला निवासी विवेक राय का महमूरगंज आकाशवाणी तिराहे के समीप रेस्टोरेंट व हुक्का-पार्लर है। सोमवार की शाम रेस्टोरेंट के लिए घर से निकले। महमूरगंज आरओबी से रकर जैसे ही आरके नेत्रालय मोड़के पास पहुंचे तभी चार-पांच बाइक पर सवार आधा दर्जन युवकों ने गाली देते हुए असलहा निकाल लिया, आरोप है कि इसी बीच बदमाशों ने तीन-चार राउंड फायरिंग भी की। जिसमें विवेक राय की अंगुली जख्मी हुई है। आसपास के दुकानदारों व राहगीरों ने हिम्मत दिखाई तो बदमाश भाग निकले। भागते समय एक बदमाश की बाइक मौके पर ही छूट गई। जिसे आक्रोशित लोगों ने डैमेज कर दिया। वायरलेस सेट पर फायरिंग की खबर सुन भेलूपुर, मंडुवाडीह, सिगरा, चेतगंज सहित दस थानों की फोर्स पहुंच गई। महमूरगंज पुलिस चौकी से महज सौ की मीटर दूरी पर हुई इस घटना से आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते महमूरगंज रोड पर वाहनों की कतार लग गई।

बरसा चुके हैं मकान पर पत्थर

हुक्का पार्लर के संचालक विवेक राय की मानें तो फायरिंग करने वालों में से दो बदमाश अभी हाल ही में जेल से छूटे हैं। डीएलडब्ल्यू निवासी प्रवीण मिश्रा, कार्तिक सिंह, शारिक खान, किशन सोनकर सहित तीन-चार अज्ञात पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में उसके मकान पर कई बार पत्थरबाजी कर चुके हैं। कुछ दिन पहले रेस्टोरेंट पर भी तोड़फोड़ किये थे।

पुलिसिंग को बदमाश दे रहे चैलेंज

शहर में चोरी-छिनैती की घटनाएं तो आये दिन हो ही रही हैं, अब फायरिंग भी रूटीन का हिस्सा बनने को बेताब दिख रही है। भेलूपुर थाने से संबद्ध महमूरगंज पुलिस चौकी के पास रेस्टोरेंट संचालक पर फायरिंग की हुई घटना ने यह साबित कर दिया है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। क्योंकि हाल ही में शिवपुर थाना एरिया में युवा अधिवक्ता अभिनव त्रिपाठी पर भी सप्ताह भर पूर्व बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। गोली युवा अधिवक्ता की बाएं हाथ को छूते हुए निकल गई थी। हमलावरों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। 25 अक्टूबर को साइबर संचालक सतीश राय की हुई हत्या में भी पुलिस कातिलों को अब तक नही ढूंढ सकी है।