फालोअप

-घटना के दिन आरोपी अनुराग सिंह चला रहा था गाड़ी, पुलिस ने किया सीज

लंका स्थित अपार्टमेंट में गार्ड पर फायरिंग और मारपीट के मामले में पुलिस ने भोजपुरी स्टार दिनेश यादव निरहुआ के भाई की सफारी गाड़ी पकड़ ली है। घटना के दिन आरोपी अनुराग सिंह यही गाड़ी चला रहा था। इस मामले में पुलिस अनुराग समेत दो आरोपियों की तलाश कर रही है।

मंगलवार की रात अनुराग सिंह समेत तीन युवकों ने लंका स्थित अपार्टमेंट का गेट खोलने में देरी पर गार्ड और दो स्टूडेंट्स की जमकर पिटाई की थी। दहशत फैलाने के लिए मौके पर कई राउंड फायर भी किया गया। पुलिस ने मौके से रितेश नामक एक युवक को गिरफ्तार कर लिया था जबकि दो अन्य भाग निकले थे। गुरुवार को पुलिस ने एक प्राइवेट स्टैंड में छिपाकर खड़ी की गई बिना नंबर की सफारी गाड़ी को बरामद कर लिया। इसे सीज कर दिया गया है। इंस्पेक्टर लंका संजीव मिश्रा ने बताया कि यह गाड़ी भोजपुरी स्टार दिनेश यादव निरहुआ के भाई और बिरहा गायक विजय लाल यादव की है। छानबीन में पता चला कि विजय ने इस गाड़ी को भोजपुरी गायिका वर्षा तिवारी को दे दिया था। वर्षा की बहन का पति अनुराग इसका इस्तेमाल कर रहा था।