फोटो।

- मुंबई पुलिस की टीम को शराब पिलाकर हुआ था गायब

- मुंबई के वडाला में नाबालिग से रेप के मामले में थी तलाश

बनारस में मुंबई पुलिस की हिरासत से भागा इलाहाबाद निवासी अपराधी चार साल बाद आखिरकार दबोच ही लिया गया। इलाहाबाद के बहरिया थाने के राजेपुर गांव निवासी राहुल शर्मा उर्फ गुड्डू के खिलाफ 20 हजार का इनाम घोषित था। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने रविवार को मामले का खुलासा किया।

मुंबई में किया था नाबालिग से रेप

एसपी सिटी ने बताया कि गुड्डू मुंबई के वडाला में एक फैक्ट्री में काम करता था। 2014 में वहीं के एक कर्मचारी की नाबालिग बेटी के साथ उसने दुष्कर्म किया और फिर इलाहाबाद भाग आया। कुछ महीने बाद पहुंची वडाला की पुलिस टीम ने आरोपी को इलाहाबाद से गिरफ्तार कर लिया। ट्रेन छूट जाने के कारण टीम उसे लेकर वाराणसी से दूसरी ट्रेन पकड़ने आई। यहां आरोपी ने झांसा देकर उसे खूब शराब पिलाई और फिर उनकी कस्टडी से भाग निकला। सिगरा थाने में उसी समय मामला दर्ज किया गया था। तब से आरोपी पर इनाम बढ़कर 20 हजार रुपये हो चुका था।

रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई गिरफ्तारी

एसओ सिगरा सतीश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार की रात नगर निगम चौकी प्रभारी मिथिलेश तिवारी और सोनिया चौकी प्रभारी अरुण सिंह गश्त पर थे। मुखबिर की सूचना पर इन्होंने एसआई संग्राम सिंह और अमित यादव के साथ जल विहार कॉलोनी में रेलवे क्रॉसिंग के पास दबिश दी और गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए।