- भेलूपुर में सौतेले बेटे ने चाकू से ताबड़तोड़ वार करके ली जान

- मां से अक्सर होता था झगड़ा, शनिवार की शाम भी हुई थी कहासुनी

VARANASI

मदर्स डे की पूर्व संध्या पर हर कोई अपनी मां के लिए सरप्राइज प्लान कर रहा था। वहीं भेलूपुर थाना क्षेत्र के जीवधीपुर स्थित महफूजनगर में एक बेटा अपनी मां के लिए मौत का सामान सजा रहा था। शनिवार की रात हसीन (40) ने सौतेली मां सुलेमा बानो (55) पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लहूलुहान सुलेमा को अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके पर ही खड़ा रहा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

मकान का था विवाद

हसीन की मां सुल्ताना की 25 वर्ष पहले मौत हो गई थी। उसके पिता अब्दुल अलीम ने सुलेमा बानो से दूसरी शादी कर ली। दोनों पत्‍ि‌नयों से दो-दो बच्चे हैं। मौत से पहले अब्दुल ने मकान चारों बच्चों और पत्‍‌नी के नाम कर दिया। मकान के एक हिस्से को लेकर हसीन की पत्‍‌नी शबाना और सुलेमा बानो में आए दिन झगड़ा होता रहता था। शनिवार की दोपहर हसीन हथकरघे पर काम कर रहा था। इस दौरान उसकी पत्‍‌नी और सुलेमा में झगड़ा शुरू हो गया। वह बीच-बचाव करने गया तो मां से उसकी भी तीखी नोकझोंक हो गयी। इसके बाद सुलेमा मदनपुरा में अपनी बहन के घर चली गई। हसीन ने जमकर शराब पी और चाकू लेकर गली में मां का इंतजार करने लगा।

दौड़ाकर मारा चाकू

रात नौ बजे के आसपास सुलेमा घर लौटी तो गली में मौजूद हसीन ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए चीखते हुए घर की तरफ भागी मगर आरोपी उस पर ताबड़तोड़ प्रहार करता रहा। घर की चौखट पर वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। परिवार और पड़ोसियों ने सुलेमा को मदनपुरा स्थित अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद भी आरोपी मौके पर ही खड़ा रहा और हंसता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया।

मां से था मनमुटाव

कुछ साल पहले हसीन की छोटी बहन ने अपनी मर्जी से शादी कर ली थी। हसीन इसका विरोध कर रहा था मगर मां ने लड़की की मदद की। इसे लेकर भी दोनों में काफी मनमुटाव था। कई बार इस बात को लेकर दोनों में नोकझोंक भी हुई।