कर्नलगंज कमिश्नरी गेट के पास मेडिकल शॉप के कर्मचारी पर हमले का साजिशकर्ता गिरफ्तार

बाइक का कलर चेंज करने वाले मिस्त्री व एक अन्य आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी

ALLAHABAD: कर्नलगंज एरिया में मेडिकल शॉप पर काम करने वाले राजेन्द्र पुत्र मुनीम पर हुए हमले में शामिल राहुल सिंह को पुलिस ने मजार तिराहे से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त लाज का संचालक है। इसके दो अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। दोपहर बाद पुलिस लाइंस में एसएसपी नितिन तिवारी ने मामले का खुलासा किया।

राजेंद्र की सीट पर थी कमाई

एसएसपी ने बताया कि बीके बनर्जी मार्ग कटरा निवासी अभियुक्त राहुल पुत्र अजय पाल सिंह राजेन्द्र पर हमले के वक्त बाइक चला रहा था। गोली निखिल ने चलाई थी। राहुल ने पुलिस को बताया कि डॉ। राकेश चंद्रा क्लीनिक में राजेंद्र व विशाल काम करते थे। विशाल की नजर क्लीनिक में राजेंद्र की सीट पर थी। उस सीट को वह किसी भी सूरत में पाना चाहता था।

दोस्त से मांगी मदद

उसने दोस्त निखिल पुत्र नंदलाल निवासी पशियाना गली मम्फोर्डगंज से कहा कि वह कुछ ऐसा करे जिससे राजेन्द्र क्लीनिक आना छोड़ दे। तब उसकी सीट उसे यानी विशाल को मिल जाएगी। उसके कहने पर निखिल ने राजेन्द्र को किनारे करने की योजना बनाई। योजना के तहत निखिल व राहुल सिंह उसे गोली मारने के लिए मौके की तलाश करने लगे। घटना वाले दिन राहुल व उसकी बाइक के साथ निखिल राजेंद्र का पीछा करने लगा।

तमंचा व बाइक की बरामद

कमिश्नरी गेट के पास राजेन्द्र जैसे ही दिखा निखिल ने तमंचे से उस पर फायर किया। इसके बाद दोनों फरार हो गए। पकड़े जाने के भय से राहुल ने बाइक का कलर लाल से काला करा दिया। अभियुक्त के पास से पुलिस ने हमले में प्रयुक्त तमंचा व बाइक बरामद कर ली है। अब पुलिस निखिल के साथ उस बाइक मिस्त्री की भी तलाश कर रही है, जिसने उसकी बाइक का कलर चेंज किया था।