-सीतापुर के बिसवां इलाके की घटना

-प्रधान की हत्या के मामले में चल रहा था फरार, घोषित है 25 हजार का इनाम

LUCKNOW:

सीतापुर के बिसवां एरिया में 25 हजार के इनामी बदमाश मनोज सिंह को अरेस्ट कर लौट रही पुलिस टीम पर उसके साथियों ने हमला बोल दिया और अपराधी को छुड़ाकर फरार करवा दिया। फरार हुए बदमाश मनोज पर एक ग्राम प्रधान की हत्या का आरोप है। पुलिस ने एक शख्स को नामजद करते हुए 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव की घेराबंदी

सीतापुर के तालगांव एरिया निवासी मनोज सिंह पर ग्राम प्रधान की हत्या का आरोप है। वह पुलिस की पकड़ से बचता फिर रहा है, जिस पर पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि मनोज बिसवां के डिघरा गांव में अपने करीबी राम सिंह यादव के घर पर छिपा हुआ है। जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर तालगांव ज्ञानेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ सादी वर्दी में गांव की घेराबंदी कर ली और रामसिंह को पकड़कर उससे मनोज के बारे में पूछताछ की। लेकिन, उसने मनोज की जानकारी होने से इंकार कर दिया।

जान बचाकर भागे पुलिसकर्मी

खबर पक्की थी, इसलिए पुलिस टीम ने राम सिंह के घर पर दबिश दी। जहां मनोज सिंह पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। पुलिस उसे लेकर वापस लौटने लगी इसी बीच राम सिंह यादव ने चोर-चोर का शोर मचा दिया । जिसके बाद राम सिंह के साथियों व अन्य ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर धारदार हथियार व पत्थरों से हमला बोल दिया। इस हमले में कॉन्सटेबल शशि मलिक व क्राइम ब्रांच के सोनेंद्र गुर्जर जख्मी हो गए। साथियों का हाल देख पुलिस बैकफुट पर आ गई और टीम को जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। इसी बीच मौका पाकर इनामी मनोज सिंह पुलिस के चंगुल से भाग निकला। पुलिस ने बिसवां में रामसिंह व 30 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस पर हमला समेतत कई संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।