-बदमाशों को देख पुलिस ने ग्रामीणों के साथ घंटों खेतों में की कांबिंग

-ग्रामीणों ने किए लाइसेंसी हथियारों से फायर

दौराला: थाना क्षेत्र के मवीमीरा के जंगल में बुधवार को ग्रामीणों ने हथियारबंद बदमाशों को देखा। ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ खेतों में घंटों काबिंग की। बदमाशों की घेराबंदी करने के लिए ग्रामीणों ने लाइसेंसी हथियारों से कई फायर किए। बदमाश गन्ने की फसल का फायदा उठाते हुए जंगल के रास्ते भाग निकले।

ग्रामीणों में दहशत

मवीमीरा गांव निवासी इलियास ने बताया बुधवार की सुबह कई ग्रामीण महिलाएं खेतों पर काम कर रही थीं। दोपहर 11 बजे के लगभग चार नकाबपोश व हथियारबंद बदमाश खेतों पर लगे नलकूप पर जा पहुंचे। बदमाशों ने मजदूर महिलाओं को गाली-गलौच करते हुए बदतमीजी की। महिलाएं वहां से भाग आई। महिलाओं ने गांव आकर ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ बदमाशों की धरपकड़ के लिए खेतों में घंटों काबिंग की। ग्रामीणों ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए लाइसेंसी हथियारों से कई फायर किए। कई घंटों के प्रयास के बाद भी बदमाश हाथ नहीं लग सके। इंस्पेक्टर जनक सिंह पुंडीर ने बताया कि खेतों में बदमाश होने की सूचना मिली थी। घंटों

कांबिंग के बाद भी कोई बदमाश हाथ नहीं लग सका।