- नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में उमड़ी भीड़

- मंदिर में भक्तों ने मां दुर्गा के शैलपुत्री रूप के किए दर्शन

ALLAHABAD: जगत जननी मां भगवती की उपासना के सबसे पावन पर्व नवरात्र की शुरुआत गुरुवार से हुई। शारदीय नवरात्र को देखते हुए मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। पहले दिन सुबह से ही सिटी के प्रसिद्ध मंदिरों के बाहर मां दुर्गा के जयकारे लगाते भक्तों की भीड़ जुटने लगी। दोपहर तक मंदिरों में मां शक्ति को जल चढ़ाने और उनकी पूजा करने का सिलसिला चलता रहा। शाम को मंदिरों में मां दुर्गा का शैलपुत्री रूप में श्रृंगार हुआ। मंदिरों में बड़ी संख्या में लोगों ने मां के विशेष रूप के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। नवरात्र के मौके पर अलोप शंकरी देवी, ललिता देवी, मां कल्याणी देवी, मुटठीगंज स्थित कालीबाड़ी समेत अन्य मंदिरों में भी देर रात तक भक्तों की भीड़ जुटी रही।

मंगला आरती से हुई शुरुआत

शारदीय नवरात्र के पहले दिन की शुरुआत मंदिरों में मां दुर्गा की मंगला आरती से हुई। महाशक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में भी नौ दिनों तक चलने वाली विशेष पूजा का आयोजन गुरुवार से शुरू हो गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में भक्तों ने मां कल्याणी का दर्शन किया। मंदिर के अध्यक्ष पं। सुशील कुमार पाठक व पं। श्यामजी पाठक के नेतृत्व में मां दुर्गा महाभिषेक व पूजन पूरे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इसके बाद मंदिर में वृष पर सवार मां के शैलपुत्री स्वरूप का अनुपम श्रृंगार किया गया। चतुर्भुजी स्वरूप में मां त्रिशूल, कमलपुष्प धारण कर अनेक आभूषणों एवं बेला, गुलाब, के पुष्पों से सुशोभित किया गया। देर रात तक मंदिरों में भक्तों ने मां इस स्वरूप का दर्शन किया।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

नवरात्र पर सिटी के प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था ना फैल सके। प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा की दृष्टि से मेटल डिटेक्टर भी लगाए हैं। मंदिरों के साथ ही उसके आसपास के चौराहों पर भी सुरक्षा के पुलिस बल को तैनात किया गया है।