-प्लास्टिक और थर्माकोल भी आज से प्रतिबंधित

-व्यापारी कर रहे हैं विरोध, 31 मार्च तक समय देने की मांग

ALLAHABAD: पंद्रह जुलाई से लोगों को सामान खरीदने के लिए झोला लेकर घर से बाहर निकलना पड़ा। वहीं अब लोगों को प्लास्टिक के साथ ही थर्माकोल के कप, प्लेट, गिलास का इस्तेमाल करना भी बंद करना पड़ेगा। यही नहीं दुकानदारों को भी अपने दुकान व गोदाम में रखे प्लास्टिक और थर्माकोल के सामानों को कचरा पेटी में डालने के साथ ही दुकान से हटाना होगा। अगर ऐसा नहीं करते हैं तो फिर कार्रवाई भी हो सकती है।

शासनादेश हो गया जारी

पंद्रह अगस्त से प्लास्टिक पर प्रतिबंध का सेकेंड फेज शुरू हो रहा है। इसके तहत अब थर्मोकोल और प्लास्टिक के कप, प्लेट, गिलास व चम्मच का इस्तेमाल करना पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा। प्रदेश सरकार ने प्लास्टिक पर प्रतिबंध के दूसरे चरण को लागू करते हुए कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत कार्रवाई का निर्देश भी दिया गया है। पॉलीथिन पर प्रतिबंध के प्रथम चरण में अब तक पूरे प्रदेश में 50 माइक्रोन से नीचे के करीब 13 टन पॉलीथिन को जब्त किया गया। 40 लाख रुपये जुर्माना भी वसूला गया है। वहीं इलाहाबाद में 50 माइक्रोन से नीचे के पॉलीथिन इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध का दावा किया जा रहा है, लेकिन कुछ क्विंटल ही प्रतिबंधित पॉलीथिन कब्जे में लिया गया है।

न बरतें लापरवाही

नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह ने पॉलीथिन व प्लास्टिक के एक बार इस्तेमाल होने वाले बर्तनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने का निर्देश जारी कर दिया है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि इस अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। साथ ही पॉलीथिन, प्लास्टिक व थर्मोकोल पर प्रतिबंध को और सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया है।

डिस्पोजल और प्लास्टिक व्यापारी सरकार से समय दिए जाने की मांग कर रहे हैं। अब अगर व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी तो प्रयाग व्यापार मंडल कार्रवाई का विरोध करेगा।

-विजय अरोड़ा

अध्यक्ष, प्रयाग व्यापार मंडल

कार्रवाई के नाम पर अगर व्यापारियों का उत्पीड़न हुआ तो फिर व्यापारी सड़क पर उतर कर आंदोलन करने को बाध्य होगा। एक झटके में अचानक पाबंदी की कार्रवाई पूरी तरह से गलत है।

मो। कादिर

जिलाध्यक्ष, प्रयाग व्यापार मंडल

पर्यावरण संरक्षण के नाम पर सरकार व्यापारियों पर अन्याय कर रही है। व्यापारी भी ये मानते हैं कि पर्यावरण बचाने के लिए प्रतिबंध जरूरी है। लेकिन इसके लिए व्यापारियों को कुछ समय तो देना चहिए।

-बसंत लाल आजाद

अध्यक्ष, डिस्पोजल व्यापार संघ

प्लास्टिक के कप, प्लेट, गिलास के साथ ही थर्माकोल के सामान पर भी प्रतिबंध लगाया जाएगा। छापेमारी की जाएगी, अगर प्रतिबंधित सामान मिला तो दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों को राहत दिए जाने या फिर समय दिए जाने संबंधी शासन स्तर से कोई आदेश नहीं आया है।

ऋतु सुहास

अपर नगर आयुक्त