रिहायशी एरिया में है फैक्ट्री

चक निरातुल में मेन रोड पर घर के पिछले हिस्से में बनी इस तीन मंजिला नमकीन फैक्ट्री की आग को बुझाने की कवायद खबर लिखे जाने तक जारी थी। फायर बिग्रेड की 10 से ज्यादा गाडिय़ों को आग पर काबू पाने के लिए लगाया गया था। घटना में जान-माल को कोई नुकसान होने की सूचना देर रात तक नहीं थी। यह घर लूकरगंज निवासी शंकर सिंह उर्फ डब्बू सिंह का है। वह व्यापार मंडल के अध्यक्ष भी हैं। जिस घर में नमकीन बनाई जाती है वह चारों तरफ से मकानों से घिरा हुआ है। तीन मंजिला इस पुराने घर में दो फ्लोर पक्के बने हुए हैं जबकि तीसरे पर टिन शेड पड़ा हुआ है। तीनों फ्लोर पर नमकीन बनाने, पैकिंग व स्टोर का काम किया जाता है। थसर्ड शाम को करीब सात बजे आग लगने की घटना हुई।

कर्मचारी जान बचाकर भागे

मौके पर मौजूद वकर्स ने बताया कि शाम को करीब सात बजे फैक्ट्री में नमकीन बनाई जा रही थी, तभी चूल्हे की आग से लपटें फैलने लगीं। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही आग ने प्रचंड रूप धारण कर लिया। इसके बाद फैक्ट्री में मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर निकल आए। थोड़ी देर बाद ही फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ जिसके बाद आग की लपटें बेहद तेज हो गईं। फैक्ट्री मेन रोड पर बने मकान में पीछे की ओर संकरे एरिया में थी। इससे आग बुझाने में फायर बिग्रेड को भी बेहद मशक्कत करनी पड़ी। घरों के ऊपर से पाइप ले जाकर आग बुझाने की कोशिश हो रही थी।

अंधेरे के चलते हुई बेहद दिक्कत

नमकीन फैक्ट्री में भीषण आग की इस घटना के बाद एरिया की बिजली काट दी गई। ऐसे में पूरे एरिया में अंधेरा हो गया। एसपी सिटी सहित कई प्रशासनिक ऑफिसर्स मौके पर पहुंच गए। सैकड़ों की भीड़ घटनास्थल के आसपास जमा हो गई। पुलिस ने कर्बला चौराहे से वाहनों का रूट डायवर्जन करवा दिया ताकि स्पॉट पर फायर बिग्रेड अपना काम कर पाए। फायर बिग्रेड के साथ ही फैक्ट्री के वर्कर्स व पब्लिक भी आग बुझाने की कोशिश में लगी हुई थी।

अंदर क्या था किसी को नहीं पता?

इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ऑफिसर्स ने कहा कि जब तक अंदर सर्च नहीं कर लिया जाएगा। तब तक कुछ कह पाना संभव नहीं है। आग और धुंआ के चलते फायर बिग्रेडकर्मी भी पास नहीं पहुंच पा रहे थे, वह दूसरे घरों की छत पर चढ़कर पानी डाल रहे थे।

घर खाली करवाए, दीवारें तोड़ी गईं

फैक्ट्री की आग की तपिश से अगल-बगल बने हुए मकान की दीवारें गरम हो गईं। दीवारों के ढहने का खतरा पैदा हो गया। फैक्ट्री में बाकी सिलेंडर ब्लास्ट न कर जाएं इस आशंका में पुलिस ने आसपास के घरों को खाली करवा दिया। इसके साथ ही एक मकान की दीवार तोड़कर आग बुझाने का रास्ता बनाने की कोशिश की गई।

सघन एरिया में कैसे खुली फैक्ट्री

चक निरातुल के जिस एरिया में फैक्ट्री थी वह बेहद सघन है। ऐसे में सवाल यह भी उठता है कि आखिर इस एरिया में फैक्ट्री खुली कैसे? एरिया के लोगों ने बताया कि करीब 25 सालों से सुंदरम नाम से नमकीन इस फैक्ट्री में बनाई जाती है। यहां प्रतिदिन 30 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं।