- खजनी एरिया की घटना

- जीप से पहुंचे दंबगों ने किया उत्पात, पुलिस बनी रही मूकदर्शक

- मामले को लेकर ग्रामीणों ने रास्ता किया जाम

KHAJNI : खजनी एरिया के कटघर गांव में ट्यूज्डे की रात में दबंगों ने एक मकान पर कब्जा कर लिया। उसने ओनर का सामन भी बाहर फेंक दिया। इतना ही नहीं ओनर को मार-पीट कर बाहर कर दिया गया और तोड़फोड़ भी की गई। सुबह ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी हुई तो वह खजनी मार्ग पर पहुंच गए और उन्होंने रोड पर जाम लगा दिया। आरोप था कि पुलिस के सहयोग से मकान जबरियन खाली कराया गया है। कब्जेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर वह डटे रहे। इसकी जानकारी के बाद सीओ और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

देर रात मकान में पहुंचकर बाहर फेंका सामान

खजनी एरिया के मझगांव निवासी जगन्नाथ शर्मा ने काफी समय पहले चंदा यादव से डेढ़ डिसमिल जमीन खरीदी थी। इसके बाद वह वहां मकान बनवाकर अपने फैमिली मेंबर्स के साथ रहने लगे। वहीं उनके मकान के बगल में मकान मालिक चंदा यादव की कुछ जमीन बची हुई थी। आरोप है कि आये दिन चंदा यादव जमीन को खाली करने की धमकी देने लगा। यहीं नहीं पुलिसकर्मियों के साथ साठगांठ कर वह आधी रात जीप से कुछ युवकों के साथ पहुंचा और मकान के अंदर रखा सारा सामान बाहर फेंक दिया।

पुलिस बनी मूकदर्शक

जगन्नाथ का आरोप है कि वह न्याय की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी। पुलिस मूकदर्शक बनकर तमाशा देखती रही। सुबह जब गांव के लोगों ने मकान का सामान बाहर देखा, तो हैरान हो गए। उन्होंने जगन्नाथ से इसके बारे में पूछा, तो उसने रात की घटना के बारे में जानकारी दी। यह सुनकर ग्रामीण आक्रोषित हो गए और उन्होंने खजनी मार्ग को जाम कर दिया। वह पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। करीब दो घंटे तक रास्ता जाम रहा, जिससे आने-जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। ओनर को मकान दे दिया गया है। वादी की तहरीर पर चंदा यादव को हिरासत में लेकर चालान कर दिया गया है।

- राजीव सिंह, एसओ, खजनी