- 45 डेयरियां कैंट बोर्ड ने चिह्नित की

- जल्द भेजा जाएगा डेयरियों को नोटिस

Meerut । स्मार्ट कैंट की दिशा में रोड़ा बन रही डेयरियों के खिलाफ कैंट बोर्ड ने कार्रवाई की तैयारी की है। जल्दी ही डेयरी संचालकों पर गंदगी के खिलाफ बोर्ड जुर्माना लगाएगा। इसके लिए डेयरी संचालकों का चयन कर लिया गया है। डेयरियों में बोर्ड की ओर से गोबर व अन्य गंदगी उठाने के लिए वाहन जाएगा। बोर्ड बाकायदा इसका शुल्क वसूलेगा।

45 डेयरियां की चिंहित

स्वच्छता अभियान को पूरा करने के लिए बोर्ड ने डोर टू डोर कूड़ा उठाने का तो निर्णय लिया ही है। वहीं कैंट क्षेत्र में गंदगी फैलाने वाली डेयरियों के खिलाफ शिकंजा कसने की भी तैयारी है। डेयरियों पर टैक्स लगाया जाएगा। इसके लिए पूरे क्षेत्र में 45 डेयरियों को चिंहित किया गया है। सबसे पहले इन डेयरियों को नोटिस भेजा जा रहा है। उन्हें चेतावनी दी जाएगी कि स्मार्ट कैंट में किसी प्रकार की गंदगी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी गंदगी फैलाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गोबर गैस का प्लांट लगेगा

कैंट बोर्ड गोबर गैस प्लांट लगाने की भी योजना बना रहा है। डेयरियों से गोबर उठाकर गोबर गैस प्लांट पर डंप किया जाएगा। इस काम के लिए डेयरी संचालकों से खर्च भी वसूला जाएगा। इसके अलावा ठोस कूड़ा प्रबंधन के लिए प्लांट भी लगाया जाएगा। इसकी भी तैयारियां चल रही है।

डेयरियों द्वारा नालियों में गोबर बहाया जाता है। ऐसे डेयरियों पर नोटिस भेज जुर्माना लगाया जाएगा। 45 डेयरियों को चिंहित कर लिया गया है। जल्द ही इनको नोटिस भेजा जाएगा। साथ ही डेयरियों के गोबर से गैस प्लांट लगाया जाएगा। कंपनियों से बातचीत चल रही है।

-राजीव श्रीवास्तव, सीईओ कैंट बोर्ड