agra@inext.co.in

AGRA : थाना सदर स्थित नैनाना जाट में पुत्रवधू ने अपने प्रेमी के साथ मिल कर सास की गला घोंट कर हत्या कर दी। बेटे ने पत्नी और प्रेमी के खिलाफ थाना सदर में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर पर हत्या में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पुत्रवधू को हिरासत में लिया है। प्रेमी की तलाश कराई जा रही है।

दोनों भाईयों के यहां जाती थी मां

नैनाना जाट निवासी 70 वर्षीय रूपवती उर्फ मरियम पत्नी बंगाली अब्बास यहां अपने बेटे शब्बीर व यूनिस के साथ रहती थी। दोनों भाईयों में बंटवारा हो चुका है। मकान के बीच दीवार बनवा कर दोनों का हिस्सा कर दिया गया है। मां रूपवती यूनिस के मकान में रात को सोने आती थी। गुरुवार की रात को भी वह वहीं सोने आई।

सुबह शव पड़ा मिला

वैसे तो रूपवती सुबह पांच बजे उठ जाती थीं लेकिन शुक्रवार की सुबह नहीं उठीं। यूनिस ने अपनी मां को आवाज दी लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इस पर यूनिस वहां पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। मां के गले पर निशान थे। उसकी मौत हो चुकी थी। खाट पर पत्नी की चूड़ी पड़ी थीं। उसने पत्नी के हाथ को देखा तो उसके हाथ में चूड़ी नहीं थी। यूनिस का माथा ठनक गया।

दूध लगा था कड़वा

गुलशेर ने बताया कि रात में पत्नी ने यूनिस को पीने के लिए दूध दिया था। उसने एक घूंट दूध पिया तो उसे कड़वा लगा। उसने बोला कि दूध को रख दो, बह दूध वाले से बात करनी है। दूध ठीक नहीं देकर गया, लेकिन पत्नी ने दूध फेंक दिया। माना जा रहा है कि उसने दूध में कुछ मिला कर दिया था, जिसे थोड़ा सा ही पीने के बाद यूनिस गहरी नींद में सो गया।

पत्नी और प्रेमी के खिलाफ दी तहरीर, मुकदमा दर्ज

गुलशेर के मुताबिक रात में यूनिस के 10 वर्षीय बेटे ने देखा कि मां और चांद ने मिल कर रूपवती का गला दबा दिया। यूनिस ने इस मामले में थाना सदर में चांद और पत्नी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लिया है। चांद की तलाश कराई जा रही है। यूनिस के दो बेटे, एक बेटी है। इस घटना ने सभी को चौंका दिया था। मौके पर एरिया के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रेमी के साथ मिल कर की हत्या

रूपवती के नवासे गुलशेर ने बताया कि यूनिस की पत्नी के गौबर चौकी निवासी चांद के साथ पिछले कई सालों से प्रेम संबंध थे। पत्नी भी गौबर चौकी की रहने वाली है। चार-पांच महीने पहले परिजनों न दोनों को घर में रंगे हाथ पकड़ लिया था। उस दौरान चांद की पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया, लेकिन उस दौरान चांद को एक बार सुधरने का मौका दिया गया। अब घर पर रूपवती नजर रखने लगी थी।

 

Crime News inextlive from Crime News Desk