- वाइस चांसलर प्रो। अशोक कुमार ने पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

GORAKHPUR: एक दशक बाद हुए छात्रसंघ चुनाव के विजयी पदाधिकारियों ने बुधवार को गोरखपुर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। यूनिवर्सिटी के दीक्षा भवन में हुए समारोह में वाइस चांसलर प्रो। अशोक कुमार ने पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस दौरान बतौर चीफ गेस्ट मौजूद ग्रामीण विधायक विजय बहादुर यादव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की हौसला आफजाई की।

सबका मिशन छात्र हित

चुनाव अधिकारी प्रो। संजय बैजल ने चुनाव संपन्न कराने में आई दिक्कतों को साझा किया। चीफ गेस्ट विधायक विजय बहादुर ने छात्रसंघ चुनाव के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन की सराहना की। साथ ही केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने की मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए आवाज बुलंद किया। समारोह का संचालन प्रो। हिमांशु चतुर्वेदी ने किया। संबोधन के बाद पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। वीसी ने अध्यक्ष अरविंद कुमार उर्फ अमन यादव, उपाध्यक्ष अखिलदेव त्रिपाठी, महामंत्री ऋचा चौधरी व पुस्तकालय मंत्री दीपक चौधरी को एक साथ शपथ दिलाई। उसके बाद क्रमवार सभी संकाय प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई गई। सभी ने छात्र हित को ही अपना मिशन बताया। मंच से अपनी-अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं।

बॉक्स

छात्र एकता जिंदाबाद भूल गए

समारोह में उत्साहित छात्र विजयी पदाधिकारी के पक्ष में नारे लगाए जा रहे थे। कई बार संचालक को नारेबाजी रोकने की अपील करनी पड़ी। फिर भी जब छात्र नहीं माने तो खुद वीसी प्रो। अशोक कुमार ने माइक संभाली और कहा कि छात्र एक नारा भूल रहे हैं, जिसके लिए छात्रसंघ बनता है। वह है 'छात्र एकता जिंदाबाद'। वीसी ने छात्रों से यही एक नारा लगाने को कहा।