एक सप्ताह से रोज शहर में मिल रहे हैं अज्ञात लोगों के शव

इसमें नवजात शिशु भी शामिल, शिनाख्त नहीं करा पा रही पुलिस

PRAYAGRAJ: शहर में अज्ञात शव मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हफ्ते भर से प्रति दिन अज्ञात लोगों के शव मिल रहे हैं। इनमें नवजात शिशु के भी शव शामिल हैं। हैरत की बात ये है कि एक के बाद एक शव मिल रहे हैं और पुलिस शिनाख्त तक नहीं करा पा रही।

केस 01

कर्नलगंज थाना क्षेत्र स्थित तहसील के पास रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक व्यक्ति का शव मिला। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस के अनुसार उसकी अनुमानित उम्र 50 वर्ष है। पुलिस ने शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी। मौत का कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

केस 02

रामबाग स्टेशन के आसपास काफी चहल-पहल थी। इस बीच किसी ने देखा कि स्टेशन के पास एक नवजात शिशु पड़ा है। खबर फैली तो लोगों ने सूचना कीडगंज पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। ठंड में ठिठुरते करीब दो दिन के बच्चे को पुलिस ने चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।

केस 03

अभी दो दिन पूर्व मेजा थाना क्षेत्र में भी एक नवजात शिशु का शव मिला था। सूचना पर पहुंची मेजा पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नवजात के शव को लेकर इलाके के साथ ही पोस्टमार्टम हाउस पर लोग तरह-तरह की बाते करते रहे।

केस 04

शाहगंज थाना क्षेत्र स्थित बड़ी स्टेशन के गेट नंबर एक पर शनिवार सुबह एक 40 वर्षीय अधेड़ पड़ा हुआ था। लोगों की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने उसे हॉस्पिटल पहुंचाया। हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अभी तक उसकी भी शिनाख्त नहीं करा सकी है। बताया गया कि उसके कपड़ों में भी कोई डायरी या कोई ऐसी चीज नहीं मिली, जिससे उसकी पहचान हो सके।

केस 05

इलाहाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर सात पर बुधवार को वृद्ध का शव मिला था। पुलिस उसकी भी अब तक पहचान नहीं करा सकी है। वृद्ध के कपड़ों की तलाशी में कुछ भी नहीं मिला। अज्ञात में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस खामोश बैठ गई।