-सिकंदरा के फैक्ट्री एरिया का मामला, पुलिस ने की शिनाख्त

-परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप शव फेंकने की आशंका

आगरा। सिकंदरा के फैक्ट्री एरिया में मंगलवार सुबह श्रमिक की लाश नाले में पड़ी मिली। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। ताजगंज के धांधूपुरा निवासी 25 वर्षीय भारत सिकंदरा क्षेत्र की एक कंपनी में कार्य करता था। भारत फैक्ट्री में ही रहता था। उसके पिता पप्पू भी इसी कंपनी में वाहन चालक हैं। रात को वह अचानक फैक्ट्री गायब हो गया। मंगलवार सुबह नाले में फैक्ट्री से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर उसकी लाश पड़ी मिली। राहगीरों को जब इसकी खबर लगी तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मृतक के सिर पर चोट के निशान

मृतक के सिर में चोट के निशान थे। उसकी जेब से मिले कागजों में मोबाइल नंबर पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। जानकारी होने पर पहुंचे परिजनों ने उसकी हत्या करके लाश को नाले में फेंकने की आशंका जताई। उनका कहना था कि भारत किसी अपरिचित के साथ घूमने नहीं जाता था। इंस्पेक्टर सिकंदरा अजय कौशल ने बताया मामले की जांच की जा रही है। श्रमिक की मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम कराया है।