RANCHI : सदर इलाके के शांतिनगर -गढ़ाटोली स्थित कच्चे मकान से 29 मई को मिले महिला के शव की शिनाख्त कर ली गई है। मृतका का नाम पार्वती देवी था और वह रामगढ़ की रहने वाली थी। पार्वती के शव की पहचान उसकी बहन मीना ने की है। उसने पुलिस को बताया कि पार्वती देवी की शादी यूपी के इटावा में हो गई थी। लेकिन वह अपने मायके में ही रहा करती थी। मायके में रहने के दौरान वह रामगढ़ से रांची रेजा काम करने के लिए आती थी।

28 को निकली घर से, नहीं लौटी

बहन मीना के मुताबिक, 28 मई की सुबह पार्वती रेजा का काम करने के लिए निकली थी, लेकिन रात में नहीं लौटी थी। पहले भी वह रांची में अपने सहेली के घर रूक जाती थी। परिजनों ने सोचा कि रात अधिक होने की वजह से सहेली के घर में रूक गई होगी। लेकिन जब वह काफी दिनों तक नहीं लौटी तो उसने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। बाद में पुलिस का फोन आया कि एक महिला का शव बरामद हुआ है। वह पुलिस के मुताबिक, रांची आई और रिम्स में बहन के शव की शिनाख्त की।

छह-सात लोग रडार पर

इधर, इंस्पेक्टर ने बताया कि इस मामले में छह सात लोगों को राडार पर लिया गया है। उनलोगों से शक के आधार पर विभिन्न बिंदुओं से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पार्वती हत्या मामले के सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

पत्थर से कूच-कूचकर हुई थी हत्या

29 मई की सुबह सदर थाना पुलिस को क्षेत्र से 30 वर्षीय महिला का शव मिला था। शव को पत्थर से कूच दिया गया था। पुलिस को वहां पर से एक मोबाइल बरामद हुआ था। पुलिस ने आशंका जताई थी कि दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की गई होगी। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी में जुटी हुई है।