- परिजनों ने की यमुना पुल के पास जाकर युवक की शिनाख्त

- 10 मार्च से था गायब, थाना सिकंदरा में दर्ज था अपहरण का मुकदमा

आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र से 10 मार्च से गायब प्रेमी का सोमवार शाम शव मिला। शव कैलाश मंदिर के पास बने यमुना पुल के नीचे मिला, जो क्षेत्र मथुरा की दाऊजी पुलिस के अंतर्गत था। शव की पहचान छुपाने के लिए सिर धड़ से काट कर अलग कर दिया गया था। पुलिस ने सिर की काफी तलाश की, लेकिन नहीं मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव मथुरा भेज दिया। मौके पर पहुंच परिजनों ने शव की शिनाख्त की।

फोन कर बुलाया था

सेहपऊ, हाथरस निवासी 18 वर्षीय चांदसी पुत्र धर्मेद्र सिंह अपनी बहन के यहां कालिंदी विहार में आता-जाता रहता था। यहां सिकंदरा क्षेत्र निवासी लड़की अपने मौसा के यहां रहती थी। मौसा ने उसे गोद ले रखा था। दोनों में नजदीकियां बढ़ गई। एक बार लड़की घर से जेवर लेकर निकल आई, लेकिन लड़के के पिता ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामले में पंचायत भी हुई। अलग जाति को लेकर लड़की पक्ष विरोध में था।

फोन कर बुलाया था सिकंदरा

इसके बाद भी युवक-युवती का मिलना जारी रहा। इस पर लड़की के परिजनों ने 10 मार्च को युवक को कॉल कर बुलाया। वह बाइक से खंदौली निवासी दोस्त विष्णु के साथ सिकंदरा स्थित कैलाश मोड़ पहुंचा। यहां युवती के भाई को देखा गया। भाई के जाते ही करीब 10 लोग बाइकों पर आ गए। चांदसी को बुरी तरह से पीटते हुए घसीटते ले गए। विष्णु ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। थाना सिकंदरा में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया।

कलावा और अंगूठी से शिनाख्त

सोमवार शाम परिजनों को कैलाश मंदिर के पास यमुना पर बने पुल के नीचे एक लावारिस शव मिलने की जानकारी हुई। जहां पर शव मिला, वह एरिया थाना दाऊजी मथुरा में आता है। वहां की पुलिस मौके पर पहुंची। शव का सिर नहीं था। हत्यारों ने उसकी पहचान मिटाने के लिए सिर गायब कर दिया। मौके पर पहुंचे पिता ने हाथ की अंगूठी, कलावा व घुटने की चोट से उसकी शिनाख्त की। दाऊजी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मथुरा भेज दिया। परिजनों ने इस बारे में सिकंदरा पुलिस को भी जानकारी दे दी।