GORAKHPUR:

सहजनवा इलाके के बनौड़ा गांव के सिवान पर स्थित खजुआ तालाब के किनारे मंगलवार की सुबह एक महिला का शव मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शव का शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के कलाई में रगड़ का निशान और नाक से खून निकला हुआ था। पुलिस महिला की मौत को संदिग्ध मानकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सहजनवा के बेलवाडाड़ी गांव के पराग गौड़ की 43 वर्षीया पत्‍‌नी सोना देवी 15 दिनों से खजनी के छताई गांव में मायके आईं हुईं थीं। सोमवार को वह इलाहाबाद बैंक जैतपुर शाखा के ग्राहक सेवा केंद्र खजनी पर सोमवार की सुबह पैसा निकालने गई थीं।

खरीदारी कर लौट रही थी महिला

दोपहर में खाते से दो हजार रुपये निकालने के बाद बाजार से चुरा और दाल की खरीदारी कर ससुराल जाने के लिए निकली। दोपहर एक बजे उनकी देवरानी ने फोन किया तो उन्होंने बताया कि वह नंदापार पेट्रोल पम्प पर बैठी हैं। मौसम ठंडा होने पर वह घर के लिए निकलेंगी। देवरानी ने दिन में 3 बजे दोबारा फोन किया तो उठा नहीं। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचीं तो परिवारीजन तलाश शुरू कर दिए लेकिन कहीं पता नहीं चला। सुबह बनोड़ा और बेलवाडाड़ी गांव के बीच खजुआ ताल में पशुओं को चराने पहुंचे ग्रामीणों ने महिला का शव देखा। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर महिला की शिनाख्त की। शव के पास एक थैले में दाल, चूरा, बैंक का पासबुक, मोबाइल और 1700 नकदी रखा मिला। पुलिस ने परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी।

महिला की नहीं थी कोई संतान

मृतक सोना देवी के पति पराग गौड़ महराष्ट्र के कोल्हापुर में पेंट पालिश का काम करते हैं। घटना की जानकारी होने के बाद वह अपने छोटे भाई के साथ गांव के लिए रवाना हो गए। महिला की कोई संतान नहीं है।