दरोगा-सिपाही को पीटकर किया घायल, रहागीर भी बने शिकार

गुलरिहा एरिया के भटहट बाजार की घटना से अफरा-तफरी

GORAKHPUR: मोहर्रम के जुलूस में करंट से युवक के झुलसने पर पब्लिक ने जमकर बवाल काटा। उत्पात मचा रहे लोगों ने पुलिस चौकी में घुसकर दरोगा का सिर फोड़ दिया। सड़क पर वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए पुलिस की जीप फूंक डाली। घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे भटहट बाजार में हुई। आक्रोशित लोगों के उत्पात में कई पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। एसएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया। पुलिस की सुरक्षा में ताजियों का कर्बला में दफन कराया गया। देर रात तक घायल युवक की हालत नाजुक बनी थी। हालात को देखते हुए घटना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

डीजे से छू गई हाईटेंशन लाइन, झुलसा युवक

पिपराइच एरिया के अमवा से ताजिया का जुलूस निकला हुआ था। उस जुलूस में अन्य जगहों के ताजियादार भी शामिल थे। जुलूस लेकर लोग ताजिया दफन करने के लिए गोरखपुर - महराजगंज रोड स्थित भटहट कर्बला पर बढ़ रहे थे। ट्रैक्टर-ट्राली पर डीजे बज रहा था। शाम करीब पौने पांच बजे जुलूस लेकर लोग भटहट पुलिस चौकी के सामने पहुंचे। तभी सड़क के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन डीजे से छू गई। करंट लगने से अमवा निवासी अली हुसैन का बेटा गोल्डन झुलस गया।

गुस्साए लोगों ने जमकर मचाया उत्पात

युवक के झुलसने की सूचना से जुलूस में शामिल लोग आक्रोशित हो गए। उसे इलाज कराने के लिए अस्पताल भेजा गया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर उत्पात मचाना शुरू कर दिया। राहगीरों के वाहनों पर हमला करते हुए चौकी के अंदर पहुंच गए। पुलिस कर्मचारियों ने जब बवालियों को रोकने का प्रयास किया तो मामला बिगड़ गया। आरोप है कि गुस्साई भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला कर दिया। चौकी पर तैनात दरोगा दिलीप कुमार चौधरी और होमगार्ड ओम प्रकाश को पीट दिया। हमले में दरोगा का सिर फट गया। उसी समय चौकी पर पहुंचा एक फरियादी भी भीड़ के गुस्से का शिकार बन गया।

पुलिस वालों को पीटा, वाहनों में लगाई आग

गुस्साई भीड़ की हालत देखकर पुलिस कर्मचारी सकते में आ गए। पुलिस वाले उनको रोक पाते। इसके पहले कुछ लोगों ने पुलिस की जीप में आग लगा दी। चौकी पर खड़ी दरोगा पीके सिंह की कार और बाइक में तोड़फोड़ किया। भीड़ के उपद्रव से बचने के लिए महराजगंज जा रहे कार सवार शिवनाथ यादव पुलिस चौकी में घुस गए। उनकी कार में भी मनबढ़ों ने तोड़फोड़ दी। चौकी पर कुर्सियों और मेज पर भी गुस्सा उतारा। बवाल की सूचना पर इंस्पेक्टर जयदीप वर्मा अतिरिक्त फोर्स के साथ भटहट पहुंचे। पुलिस के तेवर देखकर उपद्रवी भाग गए। इसकी जानकारी पाकर एसडीएम सदर गजेंद्र कुमार, एसपी नार्थ रोहित सिंह सजवाण फोर्स लेकर पहुंचे। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की पहल पर ताजिया दफन करने के लिए बातचीत शुरू हुई। करीब छह बजे के बाद पुलिस की मौजूदगी में ताजियों को कर्बला में दफन कराया गया।

वर्जन

भटहट में बवाल की सूचना मिली थी। गुस्साए लोगों ने पुलिस चौकी में तोड़फोड़ किया। वाहनों में आग लगी दी। पुलिस कर्मचारियों पर हमला किया। सभी पुलिस कर्मचारियों को इलाज के लिए भेजा गया। क्षेत्र के संभ्रात लोगों से बात करके ताजिया को कर्बला ले जाया गया। स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए जांच पड़ताल की जा रही है।

शलभ माथुर, एसएसपी