लोक उन्नति समिति द्वारा आयोजित समारोह में मेयर ने किया सम्मानित

ALLAHABAD: देशभर को हिला देने वाले दिल्ली के निर्भया कांड की तीसरी बरसी पर शुक्रवार को एक बार फिर लोगों की आंखें नम हो गयीं। जघन्य वारदात में जान गंवाने वाली निर्भया को उन्नति समिति ने ट्रिब्यूट देते हुए मनचलों को मुंहतोड़ जवाब देने वाली मर्दानियों का सम्मान किया। इस दौरान समिति ने शाउट आउट लाउड कैम्पेन का आगाज भी किया। इस कैम्पेन के माध्यम से समिति यूनिवर्सिटी और शहर की मुख्य बाजारों में महिलाओं को अत्याचार के खिलाफ लड़ने के लिए जागरूक करेंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता क्रियायोग संस्थान की डा राधा सत्यम ने किया।

आठ महिलाओं को मिला सम्मान

लोकसेवा आयोग के निकट आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष अभिषेक चौहान द्वारा आठ महिलाओं को सुपर पावर वूमेन के सम्मान से नवाजा। इसमें अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने वाली आरजे निधि तथा कविता सिंह यादव ने मनचलों को सबक सिखाया, इसके अलावा एसपी ट्रेफिक निहारिका शर्मा, अलका भटनागर सीओ ट्रेफिक, डा मंजू सिंह एनएसएस कोआर्डिनेटर इलाहाबाद यूनिवर्सिटी को भी उनके साहस के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर मेयर अभिलाषा गुप्ता ने निडर और साहस का परिचय दिखाते हुए मनचलों को सबक सिखाने वाली महिलाओं को हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में श्रद्धा शुक्ला, जूही त्रिपाठी, ए के ओझा, धर्मेन्द्र नाथ मिश्रा, श्यामाचरण त्रिपाठी, संजीव सिंह आदि मौजूद थे।