- पांच और मरीजों में हुई डेंगू की पुष्टि

- स्वास्थ्य विभाग जुटा लोगों को अवेयर करने में

देहरादून: दून में डेंगू का डंक लगातार गहराता जा रहा है। डेंगू से एक मौत के बाद बुधवार को दून में डेंगू के पांच और मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलाइजा टेस्ट में इसकी पुष्टि हुई है। जिन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है, उनमें एक पेशेंट देहरादून, दो ऋषिकेश और एक-एक मरीज सहारनपुर व रुड़की के शामिल हैं। इनमें से चार डेंगू पीडि़त मरीजों का उपचार जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में चल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

डेंगू के मामलों में अब इजाफा होने लगा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। जिला वीबीडी अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि देहरादून के अजबपुर कलां निवासी एक 42 वर्षीय व्यक्ति की एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। हालांकि अब मरीज के प्लेटलेट्स की संख्या बढ़कर डेढ़ लाख तक पहुंच गई है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। वहीं हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती ऋषिकेश चौदहबीघा (जनपद टिहरी) निवासी दो मरीजों, सहारनपुर निवासी एक मरीज और रुड़की निवासी एक अन्य मरीज में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि मरीज पिछले चार दिन से अस्पताल में भर्ती हैं। संबंधित क्षेत्रों के अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है।

किया जा रहा छिड़काव

स्वास्थ्य विभाग की ने बुधवार को फिर उन क्षेत्रों का दौरा कर लार्वा नाशक दवा का छिड़काव किया, जहां से डेंगू के मामले सामने आए हैं। आसपास के लोगों को डेंगू से बचने के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।