RANCHI: राजधानी में डेंगू-चिकनगुनिया का कहर अब भी जारी है। मरीजों की संख्या भी अब 403 के आंकड़े पर पहुंच चुकी है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कैसे यह बीमारी अपने पांव पसारती जा रही है। ऐसे में रांची नगर निगम और हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम ने डोर टू डोर सर्विलांस के तहत 4554 घरों में इंस्पेक्शन किया। इसमें से 1238 घरों में मच्छरों के लार्वा मिलने के बाद उन्हें नष्ट किया गया। वहीं 14978 कंटेनरों की जांच में 1768 में मच्छर पनपने की पुष्टि हुई। सभी कंटेनरों को खाली कराते हुए लोगों को वार्निग भी दी गई कि अगर दोबारा घरों में पानी जमा पाया गया तो उनपर कार्रवाई की जाएगी।

5 सस्पेक्टेड के सैंपल कलेक्ट

रांची पब्लिक स्कूल, मोती मस्जिद और अब्बास पब्लिक स्कूल, अकबरी मस्जिद में मेडिकल चेकअप कैंप लगाया गया। इसमें 145 लोगों की जांच की गई। वहीं पांच सस्पेक्टेड मरीजों का सैंपल कलेक्ट करके हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम ले गई। मच्छरों के प्रभाव को देखते हुए कैंप आगे भी जारी रहेगा।

अन्य इलाकों में भी विशेष अभियान

त्योहारों का सीजन आ चुका है। इसी महीने से कई बड़े त्योहार शुरू हो जाएंगे। इसे देखते हुए अब रांची नगर निगम हिंदपीढ़ी के अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी विशेष अभियान चलाएगा। घर-घर जाकर टीम लार्वा ढूंढेगी। साथ ही उसे ऑन स्पॉट नष्ट भी किया जाएगा।