बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बढ़ रहा डेंगू का खतरा

ALLAHABAD: डेंगू का कहर थमने का नाम नही ले रहा है। शनिवार को आठ नए मरीज सामने आए और एक महिला की मौत हो गई। चांदपुर सलोरी निवासी सलोनी देवी (54) का इलाज के दौरान पीजीआइ में निधन हो गया। उन्हें चार दिन पहले पीजीआइ ले जाया गया था। अभी तक जिले में डेंगू से 15 लोगों की जान जा चुकी है। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के माइक्रोबायोलॉजी लैब में शनिवार को कुल 44 मरीजों का सैंपल आया। इसमें 12 की रिपोर्ट पॉजीटिव मिली, जिसमें आठ मरीज इलाहाबाद के थे। पीडि़तों में अनिल विश्वकर्मा (22) एल्गिन रोड सिविल लाइंस, शुभांकर पाठक (16) चकिया, आनंद (27) सुलेम सरांय, फरजाना (45) सुलेम सरांय, आरती सिंह (24) मानपुर जसरा, सुल्तान अहमद (23) अलीता का पुरा करछना, राहुल शर्मा (24) कच्ची सड़क दारागंज, अभिषेक पांडेय (18) धोनी का पुरा कल्याणपुर शामिल हैं। अभी तक जिला में 89 लोग डेंगू से पीडि़त हो चुके हैं, जिसमें 40 के लगभग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पाए गए हैं।