RANCHI: राजधानी में डेंगू अब तेजी से पैर पसार रहा है। वहीं चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या भी कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब चुटिया और कोकर में मरीजों के मिलने से लोग दहशत में है। वहीं जगह-जगह पानी का जमाव होने के कारण भी मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। ऐसे में लोग दिन में ही मच्छरदानी में कैद हो जा रहे हैं। इसके बावजूद नालियों की रेगुलर सफाई नहीं कराई जा रही है। यह देखते हुए अब लोग आंदोलन के मूड में हैं। अगर जल्द ही नालियों की सफाई कराकर छिड़काव नहीं कराया जाता है, तो लोग रोड भी जाम करेंगे।

नालियों में पनप रहे मच्छर

नालियों में पानी का बहाव होने से परेशानी नहीं होती है। लेकिन सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह ब्लॉकेज हो गया है। पानी जमा होने के कारण मच्छरों के लार्वा देखे जा रहे हैं। इससे दिन में तो लोग मच्छरों से परेशान हैं ही वहीं शाम होते ही लोग घर से बाहर निकलने से भी कतराने लगे हैं।

पूरा फोकस प्रभावित इलाको में

हिंदपीढ़ी और डोरंडा इलाके में मरीजों के मिलने के बाद रांची नगर निगम का पूरा फोकस इन्हीं इलाकों में है। इससे शहर के अन्य इलाकों में ध्यान ही नहीं दिया जा रहा है। इस वजह से लोग मच्छरों के डंक से परेशान हैं। मच्छरों से निपटने के लिए लोग सभी उपाय कर रहे हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं हो रहा है।

किट आया, आज से होगी मरीजों की जांच

रिम्स के माइक्रो बायोलॉजी डिपार्टमेंट में डेंगू-चिकनगुनिया की जांच के लिए किट खत्म हो गया था। इस वजह से वार्ड में एडमिट मरीजों की जांच भी नहीं हो पा रही थी। वहीं मरीजों के परिजन भी टेंशन में थे कि उनके मरीज की हालत न बिगड़ जाए। लेकिन गुरुवार को हॉस्पिटल में किट आ गया। ऐसे में शुक्रवार से मरीजों की जांच शुरू कर दी जाएगी।

वर्जन

किट खत्म हो गया था लेकिन अब भरपूर मात्रा में किट है। शुक्रवार से मरीजों की जांच शुरू कर दी जाएगी। इससे मरीजों का तत्काल इलाज शुरू किया जा सकेगा।

डॉ। मनोज कुमार, एचओडी, माइक्रो बायोलॉजी, रिम्स