RANCHI: सिटी में डेंगू की दहशत और नगर निगम सो रहा चैन की नींद। जी हां, हिंदपीढ़ी के बाद डेंगू-चिकनगुनिया ने शहर के अन्य इलाकों कोकर, चुटिया, लालपुर व कांटाटोली को भी अपनी आगोश में ले लिया है। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसके बावजूद पिछले चार दिनों से नगर निगम का सर्वे व केमिकल छिड़काव का काम बंद पड़ा है। इससे सिटी के लोगों की परेशानी बढ़ गई है, लेकिन इसका रांची नगर निगम पर कोई फर्क पड़ता दिखाई नहीं दे रहा है।

लगातार बढ़ रहे मरीज

इधर, चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या 482 पहुंच चुकी है। जबकि 53 मरीजों में डेंगू-चिकनगुनिया के लक्षण भी मिले है। ऐसे में हेल्थ डिपार्टमेंट ने रेगुलर कैंप लगाने का निर्णय लिया है ताकि सिटी में डेंगू-चिकनगुनिया पर रोक लगाई जा सके।

घरों में पनप रहे लाखों मच्छर

डोर टू डोर सर्विलांस के तहत हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम ने 157 घरों में जाकर लार्वा ढूंढा। जिसमें से 100 घरों में मच्छरों के लार्वा मिलने की पुष्टि हुई। वहीं 782 कंटेनरों को भी चेक किया। जहां 163 में मच्छर पनप रहे थे। जिसे खाली कराकर लार्वा को नष्ट किया गया। मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इस वजह से अब हिंदपीढ़ी और डोरंडा के अलावा लालपुर, कोकर और चुटिया में भी डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। इससे इतना तो तय है कि मच्छरों से निपटने की निगम की योजना कारगर साबित नहीं हो रही है। अगर जल्द ही अभियान को तेज नहीं किया गया तो सिटी के कई अन्य इलाकों में भी मरीजों के बढ़ने से इनकार नहीं किया जा सकता।

सस्पेक्टेड का सैंपल कलेक्ट

पुरानी रांची और बांधगाड़ी कोकर में डॉक्टरों की टीम ने चेकअप कैंप लगाया। इस दौरान 138 लोगों का हेल्थ चेकअप किया गया। इसमें से 9 सस्पेक्टेड लोगों का सैंपल कलेक्ट कर टेस्ट के लिए भेज दिया गया। शनिवार को भी इन दोनों इलाकों में कैंप लगाकर लोगों की जांच की जाएगी।

नगर निगम व हेल्थ डिपार्टमेंट में ठनी

डेंगू-चिकनगुनिया से निपटने का अब रांची नगर निगम का अभियान सुस्त पड़ गया है। इसे लेकर नगर निगम हेल्थ सेक्शन और हेल्थ डिपार्टमेंट आमने-सामने हो गए हैं। जहां निगम सफाई रेगुलर करने का दावा कर रहा है। वहीं हेल्थ डिपार्टमेंट ने निगम पर सपोर्ट नहीं करने का आरोप लगाया है। लेकिन दोनों विभागों की इस लड़ाई में खामियाजा पब्लिक को भुगतना पड़ेगा। चूंकि निगम से सपोर्ट नहीं मिलने के कारण डोर टू डोर सर्वे का काम धीमा पड़ गया है। वहीं निगम का सर्वे और छिड़काव काम भी चार दिनों से बंद है। इससे एक बार फिर मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे लोग इतने परेशान हो चुके हैं कि एक पल भी घर में रहना मुश्किल है।

बकरीद को लेकर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा था। इसके बारे में हेल्थ डिपार्टमेंट को जानकारी दे दी गई थी। साथ ही कहा गया था कि बकरीद के बाद को-आर्डिनेट करके फिर से अभियान चलाया जाएगा। लेकिन उन्होंने कुछ भी नहीं बताया है। नाली सफाई और छिड़काव का काम चल रहा है।

-संदीप कुमार, प्रभारी, हेल्थ सेक्शन, आरएमसी

हमारी टीम रेगुलर डोर टू डोर सर्वे कर रही है और लोगों को लार्वा के बारे में जानकारी भी दी जा रही है। ताकि लोगों के घरों में मच्छर न पनपे। कुछ दिन तो नगर निगम की टीम से बेहतर सपोर्ट मिला। लेकिन अब उनका सपोर्ट नहीं मिल रहा है। ऐसे में मच्छरों से निपटना मुश्किल है।

डॉ। वीबी प्रसाद, सिविल सर्जन, रांची