- पिछले एक साल से परिचालकों की भर्ती पर लगी है रोक

LUCKNOW: कंडक्टर्स की कमी से जूझ रहा परिवहन विभाग जल्द ही इनकी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। प्रदेश सरकार का एक साल पूरा होने पर इन पदों की भर्तियां खोली जा सकती हैं, जिससे काफी संख्या में लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

लगा दी गई थी रोक

प्रदेश की योगी सरकार का एक साल इसी माह पूरा होगा। ऐसे में सभी डिपार्टमेंट अपनी उपलब्धियां दिखाने की होड़ में लगे हैं। इसमें परिवहन निगम भी शामिल है। परिवहन निगम ने कंडक्टर्स की भर्ती को भी अपनी उपलब्धियों में शामिल करने का मन बना लिया है। गौरतलब है कि पिछले साल प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने निगम में कंडक्टर भर्ती पर रोक लगा दी थी।

19 मार्च को मिल सकता है तोहफा

रोडवेज के अधिकारियों के अनुसार 19 मार्च को परिवहन मंत्री लखनऊ रीजन के लिए कंडक्टर्स भर्ती का तोहफा देंगे। लखनऊ में 130 परिचालकों की भर्ती की जानी है। वहीं प्रदेश भर में कंडक्टर की संख्या खासी कम हो गई है। ऐसे में अन्य क्षेत्रों में जहां इनकी संख्या कम है, वहां भी भर्ती की जानी है।

लखनऊ परिक्षेत्र में लगभग 130 परिचालकों की कमी है। भर्ती खुलने पर यह पद भरे जाएंगे।

एके सिंह, आरएम,

लखनऊ परिक्षेत्र, परिवहन निगम