लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश

ALLAHABAD: उप्र कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने गुरुवार को खुल्दाबाद स्थित राजकीय शिशु गृह और राजकीय बाल गृह बालिका का औचक निरीक्षण किया। इससे वहां खलबली मच गई। इस दौरान मंत्री ने छह माह तक के बच्चों के कमरे में अधिक सुविधा बढ़ाने और बड़े बच्चों के खेलकूद, शिक्ष और साफ-सफाई व भोजन की गुणवत्ता में सुधार के आदेश दिए।

महिला की बनाएं केस हिस्ट्री

राजकीय महिला शरणालय के निरीक्षण के दौरान मंत्री रीता जोशी ने कहा कि महिलाओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण को बेहतर बनाया जाए। उन्होंने यहां रह रही लड़कियों और महिलाओं से बात करके उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने यह आदेश भी दिया कि जिन बालिकाओं का 18 साल से कम उम्र में विवाह हो गया था, उनके माता-पिता और लड़के के पैरेंट्सकी काउंसिलिंग कराकर उनकी शादी का रजिस्ट्रेशन कराया जाए। इसके बाद लड़कियों को उनके घर भेजा जाए। कहा कि शरणालय में कूलर की संख्या बढ़ाकर बेहतर खानपान की व्यवस्था की जाए।

बच्चों के जीवन में हो सुधार

इसके अलावा राजकीय सम्प्रेषण गृह किशोर में उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। कहा कि आवासित किशोरों को खेलकूद के अवसर प्रदान किए जाएं। बच्चों का एक रूटीन चार्ट बनाया जाए और एनजीओ के साथ मिलकर लाइब्रेरी में किताबें, कूलर और अन्य आवश्यक सामग्री प्राप्त की जाएं। किशोरों की अन्य संस्थाओं के माध्यम से भी काउंसिलिंग कराई जानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला, मानस शर्मा, विजय मिश्रा, गौरव त्रिपाठी, रजत आदि उपस्थित रहे।