उप मुख्यमंत्री ने इलाहाबाद मंडल के 30500 लाख रुपए के 154 कार्यो का किया शिलान्यास व लोकार्पण

ALLAHABAD: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को कारगिल दिवस के मौके पर 30500 लाख रुपए के कार्यो का शिलान्यास व लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सेना के जवानों ने समय-समय पर दुश्मनों को उनकी ही भाषा में जवाब देने का कार्य किया है। हम जवानों के बलिदानों को नही भूल सकते है।

मिलकर करेंगे अतिथियों का स्वागत

उन्होंने कहा कि कुंभ के आयोजन में हमें एक साथ मिलकर अतिथियों का स्वागत करना है। रिंग रोड बनाया जा रहा है, जिससे एक जनपद से दूसरे जनपद में जाने वाले वाहनों को शहर में नहीं आना पड़ेगा। उन्होने कहा कि जनसंख्या 2001 के अऩुसार 250 से ज्यादा आबादी वाले गांवों को मुख्य मार्गो से जोड़ा जा चुका है तथा अब जनसंख्या 2011 के अनुसार 250 से ज्यादा आबादी वाले गांवों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

कहां शिलान्यास, कहां लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री ने इलाहाबाद के 10200 लाख की 43, फतेहपुर के 3700 लाख के 26 कुल मिलाकर 13900 लाख के 69 कार्यो का शिलान्यास किया तथा इलाहाबाद के 15300 लाख के 78 कार्यो , कौशाम्बी के 650 लाख के 5 कार्यो, प्रतापगढ़ के 450 लाख के एक कार्य तथा फतेहपुर के 200 लाख के एक कार्य कुल मिलाकर 16600 लाख के 85 कार्यो का लोकार्पण किया। उन्होंने गुरुवार को सर्किट हाउस में एनएचआई के अधिकारियों के साथ रिंग रोड के कार्यो की समीक्षा की। इस कार्यक्रम में जनपदों से सांसद, विधायक सहित तमाम जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।