लोगों का सड़कों पर निकलना हुआ मुश्किल

अलर्ट के बावजूद कई जगह लगा जाम

Meerut : यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने वाले तमाम इंतजाम हाशिए पर हैं। अव्यवस्था के कारण गुरुवार को भी शहर में कई जगह भीषण जाम रहा। लचर इंतजाम अधिकारियों के दावों की पोल खोल रहे हैं। बावजूद इसके, कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। शहर के तमाम स्थानों पर पुलिस तैनात रही। यातायात पुलिस को भी अलर्ट रहने के निर्देश थे, परंतु ट्रैफिक पुलिस की गतिविधि निष्क्रिय रही। रोजमर्रा की तरह ट्रैफिक पुलिस कई जगह से नदारद रही। बच्चा पार्क, कचहरी पुल, खैरनगर, हापुड़ अड्डा आदि स्थानों पर घंटों जाम रहा।

दोपहर में स्थिति नाजुक

स्कूलों की छुट्टी के समय तो स्थिति और गंभीर हो गई। बेगमपुल पर गत्ते से लदा कैंटर पलटने से कई घंटे वाहन रेंगते रहे। बिजली बंबा बाईपास पर जुर्रानपुर फाटक पर भी दिन में कई बार जाम लगा। इनके अलावा रेलवे रोड चौराहा, टीपीनगर से मेवला फ्लाईओवर, घंटाघर आदि जगह भी रफ्तार पर ब्रेक लगा रहा। जाम अधिक बढ़ा तो यातायात और संबंधित थानों की पुलिस जाम खुलवाने के फौरी प्रयास करती दिखाई दी।

स्कूलों की छुट्टी के समय थोड़ा जाम लगा था। यातायात पुलिस ने कुछ देर बाद ही यातायात सुचारू करा दिया था।

-संजीव कुमार बाजपेयी, एसपी-यातायात