राज्य वित्त आयोग के 2015-16 बजट में 20.87 करोड़ से हुआ 28 वार्डो में विकास कार्य

भाजपा-सपा पार्षदों ने लगाए भेदभाव के तहत जोन 3 व 4 में विकास कार्य कराने के आरोप

BAREILLY:

शहर में हो रहे विकास कार्यो को लेकर भाजपा व सपा के पार्षद आमने सामने हैं। फाइनेंशियल ईयर 2015-16 में राज्य वित्त आयोग के तहत कराए गए विकास कार्यो में दोनों ही पार्टियों के पार्षदों ने भेदभाव के आरोप लगाए हैं। राज्य वित्त आयोग के मद शहर के जोन 3 व 4 में 20.87 करोड़ के विकास कार्य हो चुके हैं या कराए जा रहे हैं, जिसमें जोन 3 व 4 के कुल 27 वार्डो में विकास कार्य हुए। जिसे लेकर पार्षदों में भेदभाव करने पर नाराजगी है।

भाजपा के 13, सपा के 11 वार्ड

जोन 3 व 4 में हुए जिन वार्डो में 20.87 करोड़ से विकास कार्य हुए या हो रहे हैं, उनमें भाजपा पार्षदों वाले वार्डो की संख्या सबसे ज्यादा 13 है। जबकि सपा समर्थित पार्षदों वाले वार्ड की तादाद 11 है। वहीं निर्दलीय पार्षद वाले वार्ड महज 3 है। संख्या के आधार पर ही सपा पार्षद भेदभाव के तहत ज्यादा भाजपा पार्षदों वाले वार्डो में ही विकास कार्य कराने के आरोप लगा रहे। जबकि विकास कार्यो की संख्या को आधार बनाया जाए, तो इस मामले में सपा वार्ड ज्यादा फायदे में रहे। भाजपा वाले 13 वार्डो में जहां महज 97 विकास कार्य हुए। वहीं सपा पार्षदों वाले वार्डो में 117 विकास कार्य कराए गए। जिस पर भाजपा पार्षदों को नाराजगी है।

कहीं 1 तो कहीं 30 िवकास कार्य

निगम की ओर से वार्डो में कराए जा रहे विकास कार्यो पर भी दोनों ही दलों के पार्षदों को जबरदस्त आपत्ति है। दरअसल, राज्य वित्त आयोग मद के बजट से जो विकास कार्य वार्डो को बेहतर बनाने में कराए जा रहे उसमें भी काफी असमानता है। करोड़ों के इस बजट से जहां भाजपा पार्षद छंगामल के वार्ड 3 और सपा पार्षद केसर के वार्ड 50 में महज एक-एक विकास कार्य को मंजूरी मिली। वहीं सपा पार्षद गौरव सक्सेना के वार्ड 43 में ही सबसे ज्यादा 30 विकास कार्य करा दिए गए। यह पार्षद बरेली में सपा के युवा विंग के न सिर्फ जिलाध्यक्ष हैं बल्कि सपा के जिलाध्यक्ष के करीबी भी माने जाते है। विकास कार्यो में हुई असमानता पर भाजपा के अलावा खुाद सपा के कई पार्षदों में नाराजगी है।

----------------------------

राज्य वित्त आयोग के बजट से जोन 3 व 4 में सबसे ज्यादा भाजपा पार्षद वाले वार्डो में ही विकास कार्य कराए गए, सपा पार्षदों वाले वार्डो की संख्या कम रही। कई सपा पार्षदों के वार्ड में एक भी विकास कार्य न हुआ। विकास कार्यो में असमानता भी हुई है। - मो। सैय्यद रेहान अली, सपा पार्षद

नगर निगम की नजर में हमारा वार्ड तो आदर्श वार्ड है। बजट में हमारे वार्ड में एक भी विकास कार्य को मंजूरी नहीं मिली, जितने विकास कार्य कराए भी जा रहे उनमें सबसे ज्यादा सपा पार्षदों वाले वार्ड में ही कराए जा रहे। शहर के विकास में भेदभाव का विरोध करते रहेंगे। - विपुल लाला, भाजपा पार्षद