- सावन के चौथे सोमवार को शिवालयों में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़

- पुष्पाभिषेक, जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक से भोलेनाथ को खुश करने की कोशिश

GORAKHPUR: सावन के चौथे सोमवार को सिटी के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर श्रद्धालुओं ने उन्हें प्रसन्न किया और आशीष मांगा। किसी ने पुष्प से अभिषेक किया तो किसी ने जल व दुग्ध से। मंदिरों में भगवान शिव के लिंग के साथ ही नंदी की भी पूजा श्रद्धालुओं ने की। वहीं घरों में भी पूजा-अर्चना होती रही। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को कंट्रोल करने के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे।

सुबह से ही भीड़

सोमवार के विशेष पूजन को लेकर रविवार की देर रात तक मंदिरों में साफ-सफाई हुई। सोमवार को सुबह ब्रह्मा मुहूर्त के बाद शिव मंदिरों के कपाट खोल दिए गए। बिछिया सर्वोदय नगर स्थित शिव मंदिर, झारखंडी शिव मंदिर, मुक्तेश्वर नाथ शिव मंदिर, मान सरोवर शिव मंदिर, गोरखनाथ मंदिर समेत सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। झारखंडी स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना के लिए पहुंची अर्चना, पुष्पा, प्रीतिका, शिल्पी, सुमन ने बताया कि उनका घर सर्वोदय नगर बिछिया में है, लेकिन वे हर सोमवार को शिव मंदिर आती हैं। वहीं विजय प्रकाश पांडेय बताते हैं वह सावन के सभी सोमवार को मंदिर आते हैं।