- सावन के तीसरे सोमवार को सिटी के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

- महादेव झारखंडी स्थान पर सबसे अधिक भीड़, अन्य मंदिरों में भी पूजा-अर्चना

GORAKHPUR: भगवान भोले की आराधना के लिए पवित्र मास सावन के तीसरे सोमवार को सिटी के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। वहीं घरों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा की। सोमवार की विशेष पूजा को लेकर एक दिन पहले ही घर से लेकर मंदिरों तक में तैयारियां की गई थीं। साफ-सफाई से लेकर, पूजा सामग्रियों का संग्रह कर लिया गया था। सोमवार को ब्रह्मा मुहूर्त में ही मंदिरों के किवाड़ खुल गए और भोलेनाथ के जयघोष से दिशाएं गूंज उठीं।

भीड़ इतनी कि लग गई कतार

सोमवार की पूजा के लिए श्रद्धालु शिव मंदिरों पर सुबह से ही कतार में लग गए। एक-एक कर मंदिरों में उनका प्रवेश होता गया और जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक से भगवान शिव को प्रसन्न करने का क्रम चलता रहा। यूं तो सिटी के सभी शिव मंदिरों पर भक्तों की भीड़ शोभा बढ़ा रही थी लेकिन कुछ मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ काफी अधिक थी। सर्वोदय नगर स्थित शिव मंदिर, झारखंडी शिव मंदिर, मुक्तेश्वर नाथ शिव मंदिर, मान सरोवर शिव मंदिर, गोरखनाथ मंदिर में सबसे अधिक श्रद्धालु पहुंचे। इन मंदिरों पर अभिषेक के लिए लंबी लाइन लगी रही।

बॉक्स

'हम तो आते हैं हर सोमवार'

सर्वोदय नगर, बिछिया स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना के लिए आईं सुमन, दीपिका, प्रीतिका, स्मृति, विजय, रमेश, अनूज बताते हैं कि शिव मंदिर में वह प्रत्येक सोमवार को जलाभिषेक के लिए आते हैं। भोलेनाथ की पूजा के बाद ही कुछ और काम करते हैं।