- सिटी में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मना महाशिवरात्रि पर्व

GORAKHPUR: ऊं नम: शिवाय, हर-हर महादेव, भोले बाबा के नाम के ये जयकारे शुक्रवार को शहर के शिव मंदिरों में गूंजते रहे। महाशिवरात्रि के पर्व पर शिवालयों में उमड़े श्रद्धालुओं ने दुग्धाभिषेक, रुद्राभिषेक और जलाभिषेक से भोलेनाथ को प्रसन्न किया। बीती रात 12 बजे से ही झारखंडी स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। यहां हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने भगवान शिव को दूध, बेल पत्र, धतूरा, भांग आदि चढ़ाया। वहीं, मुक्तेश्वर नाथ मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटती रही।

विधि विधान से हुई पूजा

इसी क्रम में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अघोरपीठ ट्रस्ट की तरफ से महाशिवरात्रि का पर्व परंपरागत ढंग से मनाया गया। पीठ प्रमुख बाबा अवधूत छबीलेराम ने मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग निर्मित किया। इसके बाद शिवलिंग का पुष्पों से श्रृंगार किया गया। विधि-विधान से भांग, धतूरा, बेल पत्र, गन्ना, बेर, फल, मिष्ठान आदि पूजन सामग्री पीठ प्रमुख व ट्रस्ट उपाध्यक्ष डॉ। रूप कुमार बनर्जी ने चढ़ाई। दोपहर बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बिछिया स्थित शिव मंदिर में चमन लाल गुप्ता की तरफ से भगवान शिव की पूजा अर्चना के आयोजन के साथ भंडारा कराया गया। इस दौरान सैकड़ों शिव भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। पं। शरद चंद्र मिश्र ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर दुग्धाभिषेक, रुद्राभिषेक और जलाभिषेक से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं इसलिए इस दिन का विशेष महत्व है।